
इन्दौर। बैंक में 10 लाख रुपए जमा करवाने जा रहे ज्वैलर्स के मैनेजर को अपनी पूर्व परिचित महिला की नोटो के साथ फोटो खिंचवाने और रील बनाने की बात मानना महंगा पड़ गया। महिला 10 लाख रुपए लेकर फरार हो गई। उसने अपनी रील बनाने के लिए अपनी एक्टिवा की डिक्की में रूपए रखवाएं और आने का कहकर गई तो वापस ही नहीं आई। मामला एमजी रोड थाना क्षेत्र का है और पीड़ित का नाम अंकित उपाध्याय है वह सराफा स्थित सांवरवाला ज्वैलर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। अंकित ने अपनी पूर्व परिचित महिला आयुषी बागदे उर्फ आयुषी वर्मा निवासी स्नेहलता गंज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते पुलिस को बताया कि गत 8 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे वह शोरूम का 10 लाख रुपए का कलेक्शन बैंक में जमा कराने के लिए मोपेड से जा रहा था। इस दौरान डीआरपी लाइन के पास भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के गेट पर उसे अपनी आयुषी बागदे उर्फ आयुषी वर्मा मिली और कहा कि वह अक्सर बड़ी रकम बैंक में जमा कराने जाता है उसे पैसों के साथ फोटो खिंचवाने और इंस्टाग्राम रील बनाना है। अंकित ने पहले इनकार कर दिया, लेकिन यह आयुषी की जिद और कसम देने पर वह स्नेहलतागंज स्थित उसके घर के पास चला गया। जहां आयुषी ने अंकित से 10 लाख रुपए अपनी एक्टिवा की डिग्गी में रखने को कहा। उसने भरोसा दिलाया कि रील बनाने के बाद रुपए वापस कर देगी। परिचित होने के कारण अंकित ने रकम डिग्गी में रख दी। इसके बाद आयुषी एक्टिवा लेकर वहां से चली गई और वापस नहीं लौटी। घटना के बाद अंकित ने अपने मालिक को पूरी जानकारी दी और उनके साथ एमजी रोड थाने पहुंच आवेदन दिया। थाना प्रभारी विजय सिसौदिया के अनुसार पुलिस ने आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर युवती के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ सभी एंगल से जांच कार्रवाई कर रही है।
