Spread the love

एक व्यक्ति को तारपिन का तेल डालकर जिंदा जलाया, ठिकाने बदल कर रह रहा था

दमोह । गुरुग्राम में वर्ष 2009 में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में 15 साल से फरार 5 हजार के इनामी बदमाश दिनेश अहिरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर रेवाड़ी, चंडीगढ़ और अन्य स्थानों पर राजमिस्त्री का काम करता रहा, जिससे वह लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बचता रहा। घटना 31 मार्च 2009 की रात 10:30 बजे की है, जब शोभा नगर, बीडी कॉलोनी, दमोह ( निवासी दिनेश अहिरवार ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पैसों के लेन-देन के विवाद में कुड़ई, थाना पटेरा, दमोह निवासी भगीरथ पर क्रूर हमला किया।

जिंदा जला दिया था

आरोपियों ने भगीरथ के साथ मारपीट की और उसके शरीर पर तारपीन का तेल डाला और माचिस से आग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। झुलसे भगीरथ को गुरुग्राम के आरएन अस्पताल मानेसर में भर्ती कराया गया, जहां 11 मई 2009 को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले में थाना मानेसर में मामला दर्ज किया गया था। एसीपी क्राइम-2 ललित दलाल ने बताया कि पीओ स्टाफ की टीम ने इस मामले में सक्रियता दिखाई। पीओ स्टाफ प्रभारी उप-निरीक्षक दीपक कुमार की अगुवाई में गठित टीम ने 16 मई को दमोह, मध्य- प्रदेश से दिनेश अहिरवार को गिरफ्तार किया। वह 15 साल से फरार था और 5 हजार रुपए का इनामी घोषित किया गया था।

एक अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने पहले ही एक अन्य फरार आरोपी सिद्ध लाल, निवासी बेल खेड़ी, जिला छतरपुर (मध्य प्रदेश) को 12 मई 2025 को गांव दुधवा, जिला चरखी दादरी से गिरफ्तार किया था। सिद्ध लाल भी 5 हजार रुपए का इनामी अपराधी था और 15 साल से फरार चल रहा था।

आरोपी की चालाकी बेकार

पुलिस के अनुसार, दिनेश अहिरवार लगातार छिपता फिर रहा था। कभी चंडीगढ़ तो कभी मध्य प्रदेश चला जाता था। पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयासों के चलते उसे दबोचा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *