Spread the love

दमोह। हटा में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। हटा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने पहले एक शिक्षक से 04 लाख रुपये की लूट की, फिर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे शिक्षक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी अनुसार उक्त शिक्षक के साथ यह घटना हटा और बरोदा के बीच नहर के पास की है। मृतक की पहचान राजेश त्रिपाठी (47), निवासी सुनवाहा के रूप में हुई है, जो शासकीय प्राथमिक विद्यालय, रूसंदो में शिक्षक थे। उनके भाई मुकेश त्रिपाठी ने बताया कि राजेश गुरुवार रात करीब चार लाख रुपये लेकर गांव लौट रहे थे, तभी नहर के पास बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाकर रुपये लूट लिए और मारपीट कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। राजेश ने आग लगने के बाद मोबाइल फोन से भाई मुकेश को कॉल कर खुद घटना की जानकारी दी।
फोन पर उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां वे राजेश को गंभीर रूप से झुलसा हुआ पाया और तुरंत हटा सिविल अस्पताल ले गए। स्थिति गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन जब वो वहां पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से बाइक और बैग बरामद
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर राजेश की बाइक और उसमें लटका एक बैग बरामद किया गया है। पथरिया एसडीओपी रघु केसरी ने मामले की पुष्टि की है और कहा कि हटा पुलिस को सूचना दे दी गई है और जांच जारी है। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *