Spread the love

पाकिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने जैश आतंकी हाफिज जुल्फिकार को किया ढेर
26/11 मास्टरमाइंड लखवी से जुड़ा था नाम

कराची । पाकिस्तान की धरती पर फिर अज्ञात हमलावरों का कहर देखने को मिला है। इस बार निशाना बना है जैश-ए-मोहम्मद का एक बड़ा रिक्रूटर और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड ज़की-उर-रहमान लखवी का करीबी हाफिज जुल्फिकार। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान में दिनदहाड़े जुल्फिकार को सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। वायरल सीसीटीवी फुटेज को गौर से देखने पर एक शख्स सड़क पर सामान्य तरीके से चलता दिख रहा है, तभी पीछे से एक दूसरा व्यक्ति तेजी से आता है, उसके हाथ में बंदूक होती है और वह बिना पलक झपका आदमी के बिल्कुल करीब पहुंचता है और उसके सिर पर बंदूक सटाकर ट्रिगर दबा देता है। पलक झपकते ही शिकार वहीं ढेर हो जाता है और हमलावर मौके से फरार हो जाता है। यह हमला इतना सटीक और पेशेवर था कि पीड़ित को संभलने का कोई मौका नहीं मिला।
वीडियो में दावा है कि मारा गया शख्स जैश-ए-मोहम्मद के लिए आतंकियों की फौज तैयार करने वाला जुल्फिकार ही है। उसकी मौत की खबर अहम है क्योंकि इसका सीधा संबंध 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड लखवी से जोड़ा जा रहा है। लखवी, जो कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने लश्कर-ए-तैयबा का ऑपरेशनल कमांडर और खतरनाक आतंकी घोषित किया है, वहीं 26 नवंबर 2008 के उस काले दिन का मुख्य साजिशकर्ता था, जब मुंबई में 166 बेगुनाहों की जान चली गई थी। अब खबर है कि उसी लखवी का करीबी रिश्तेदार जुल्फिकार, जो जैश के लिए युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें आतंकी राह पर धकेलता था, वहीं खत्म कर दिया गया है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे जैसे कई लोगों ने वीडियो को साझा कर लिखा है कि अब आतंकियों के लिए कोई छिपने की जगह नहीं है और इसतरह से चेहरों का अंत ही सबसे बेहतर परिणाम है। हालांकि, घटना या मारे गए व्यक्ति की पहचान और हत्या के कारणों को लेकर पाकिस्तानी अधिकारियों या स्थानीय पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *