रिलायंस इंडस्ट्रीज के न डरने वाले बयान के बाद मस्क की कंपनी का पलटवार

नई दिल्ली। भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने को लेकर अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक और मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। रिलायंस कंपनी द्वारा प्रतिस्पर्धा से न डरने वाले बयान के बाद अब स्टारलिंक ने कहा है कि वह भारत को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। 5 साल से इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहे, हमारे पास सरकारी मंजूरी स्टारलिंक ने एक्स पर बयान जारी कर अपनी तैयारियों का ब्योरा दिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्टारलिंक कंपनी ने कहा कि उसने पिछले पांच सालों से ज्यादा समय से भारत में नियामकों, टेलीकॉम इंडस्ट्री और ऑपरेटर्स के साथ मिलकर काम किया है। भारतीय इंटरनेट ट्रैफिक को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से संभालने के लिए देश के अंदर ही जरुरी सिस्टम, गेटवे और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर का नेटवर्क तैयार किया है। कंपनी ने जोर देकर कहा कि यह पूरा ढांचा सरकार की मंजूरी और दिशानिर्देशों के तहत ही तैयार किया गया है और वह सेवा शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इससे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एलन मस्क के आरोपों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा था कि वह कभी भी किसी प्रतिस्पर्धा से नहीं डरी है। रिलायंस का कहना था कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की असली कसौटी यह है कि उपभोक्ताओं को सबसे बेहतरीन और किफायती सेवा कौन दे सकता है। कंपनी ने कहा कि रिलायंस भी ऐसे खुले माहौल में आगे बढ़ी है जहां नए विचारों, घरेलू और विदेशी दोनों तरह के निवेश का स्वागत किया जाता है विशेषकर उन तकनीकों का जो आम जनता के जीवन को बेहतर बनाती हैं।
बता दें यह पूरा विवाद तब और गरमा गया जब एलन मस्क ने सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाया था कि उनकी सैटेलाइट ब्रॉडबैंड कंपनी स्टारलिंक की भारत में एंट्री को जानबूझकर बाधित किया जा रहा है। इसी तल्खी के बीच मस्क ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के प्रभाव पर तंज कसते हुए उन्हें प्रधानमंत्री अंबानी तक कह दिया था, जिसके बाद से दोनों वैश्विक दिग्गजों के बीच बयानबाजी शुरु हो गई थी।
