Spread the love

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के तिरंगा लहराओ कार्यक्रम को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम पहले 15 अक्टूबर को होना था, लेकिन सीजेपी कार्यकर्ताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी और कार्यकर्ता अभिजीत दिपके को मिली धमकियों के बाद टाल दिया गया था। उम्मीद है कि आप, सीजेपी के इस आह्वान के समर्थन में बड़ी संख्या में अपने समर्थकों को जुटाएगी, जिसमें अन्य संगठनों के भी शामिल होने की संभावना है।
दिपके ने रांका और दास की गिरफ्तारी को अवैध बता उन्हें हिरासत में रखने पर सवाल उठाया है। उन्होंने अधिकारियों की आलोचना की कि लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और बदलाव के लिए लड़ने के कारण जेल में डाला जा रहा है। दिपके ने लिखा कि आशु और सौरव की अवैध गिरफ्तारी का आज तीसरा दिन है। उन्होंने अपने ही देश में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जेल में डाले जाने की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। दिपके ने 14 अक्टूबर को लोगों से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए सेंट्रल पार्क में इकट्ठा होने का आह्वान किया था। उन्होंने देशभक्तों और तिरंगे का सम्मान करने वालों से अपील की है कि वे 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे पार्क में जमा हों, ताकि यह दिखाया जा सके कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने दिल्ली नहीं जा सकने वालों से भी अपने-अपने शहरों में शाम के समय ‘तिरंगा मार्च’ का आयोजन करने की अपील की। तिरंगे को राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताकर दिपके ने कहा, इन तानाशाहों को पता चलना चाहिए कि हमारा तिरंगा हमारा गौरव है और फहराना कोई अपराध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *