Spread the love

एक अभियान में 14 लाख सिक्के निकाले, 16 लाख सिक्के अब भी समुद्र में मौजूद

मस्कट । अरब सागर की गहराइयों में करीब 80 साल पहले डूबे एक अमेरिकी जहाज की कहानी आज भी लोगों को रोमांचित करती है। द्वितीय विश्व युद्ध में डूबे एसएस जॉन बैरी जहाज में सऊदी अरब के लिए भेजे जा रहे करीब 30 लाख चांदी के सिक्के रखे थे। जहाज के डूबने के बाद यह खजाना दशकों तक समुद्र की तलहटी में पड़ा रहा। बाद में एक अभियान में करीब 14 लाख सिक्के समुद्र से बाहर निकाले गए। हालांकि करीब 16 लाख सिक्के अब भी समुद्र के अंदर होने की बात सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह बता वर्ष 1944 की है, जब द्वितीय विश्व युद्ध चल रहा था। अमेरिकी लिबर्टी कार्गो जहाज एसएस जॉन बैरी एक विशेष मिशन पर था। जहाज में सऊदी अरब के लिए चांदी के सिक्कों की बड़ी खेप भेजी जा रही थी। उस समय सऊदी अरब में तेल कारोबार तेजी से बढ़ रहा था और तेल क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों को भुगतान के लिए नकदी की जरूरत थी। इसी जरुरत को पूरा करने के लिए अमेरिका ने विशेष रूप से चांदी के रियाल तैयार करवाए थे।
अगस्त 1944 में अरब सागर से गुजरते समय एक जर्मन यू-बोट ने जहाज पर टॉरपीडो से हमला किया। हमला इतना जोरदार था कि जहाज ओमान के तट के पास समुद्र में डूब गया। जहाज पर मौजूद करीब 70 क्रू मेम्बर में से अधिकांश को बचा लिया गया, लेकिन दो लोगों की मौत हो गई। जहाज के साथ लाखों चांदी के सिक्के भी समुद्र की गहराई में समा गए। करीब पांच दशक बाद इस डूबे जहाज को फिर से खोजने और खजाना निकालने की कोशिश हुई। वर्ष 1989 में जहाज से सामान निकालने का कानूनी अधिकार हासिल किया गया और 1994 में बचाव अभियान शुरू हुआ। इसलिए आधुनिक उपकरणों और एक विशेष रूप से तैयार ड्रिलिंग जहाज की मदद ली गई। अभियान में करीब 14 लाख चांदी के सिक्के समुद्र से निकाले गए, जिनका कुल वजन करीब 16 टन था।
समुद्र से निकले इन ऐतिहासिक सिक्कों को 1995 में मशहूर नीलामी संस्था सॉथबी के जरिए नीलाम किया गया। उस समय इनके लिए कम से कम 20 मिलियन डॉलर यानी करीब 165 करोड़ रुपए से ज्यादा मूल्य मिलने का अनुमान लगाया गया था। बाद में कई सिक्के दुनिया भर के संग्रहकर्ताओं तक पहुंचे और आज भी इन्हें ऐतिहासिक महत्व वाली दुर्लभ वस्तुओं के रूप में देखा जाता है। इस खजाने को लेकर बाद में चांदी की ईंटों से जुड़े दावे भी सामने आए और मामला कोर्ट तक पहुंच गया। वर्ष 2026 में अमेरिकी संघीय कोर्ट के रिकॉर्ड की समीक्षा में बताया गया कि 1994 के अभियान में करीब 14 लाख सिक्के बरामद हुए थे, जबकि अतिरिक्त चांदी की ईंटों के दावे का ठोस प्रमाण नहीं मिला। करीब आठ दशक पुराना यह समुद्री रहस्य आज भी इतिहास, युद्धकालीन कारोबार और समुद्र में दबे खजाने की अनोखी कहानी के रूप में चर्चित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *