Spread the love

नेपाली करंसी लूटकर भागे गांव के लोग, पता चलते ही पुलिस ने छापामार 29 को पकड़ा

काठमांडु । नेपाल में आई भीषण आपदा और उफनती नदियों के बीच एक ऐसी हैरतअंगेज घटना सामने आई है। जहां एक तरफ लोग बाढ़ के कहर से अपनी जान बचाने में लगे थे, वहीं दूसरी तरफ तबाही के पानी में बैंक का ‘खजाना’ बहकर आ गया। इसे देखते ही लोगों की नीयत खराब हो गई। गांव वाले उस पर टूट पड़े। देखते ही देखते सारा खजाना लूट लिया गया लेकिन लोगों की ये खुशी ज्यादा देर नहीं रह सकी। उन्हें इस खजाने से निकले श्राप ने जकड़ लिया, जिसमें 29 लोग फंसे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये पूरा माजरा नेपाल के भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के तटीय इलाकों का है। रसूवा जिले के भोटेकोशी इलाके में बाढ़ के तेज बहाव में एक बैंक की पूरी तिजोरी उखड़कर बह गई। नदी की लहरों के साथ बहता हुआ ये लॉकर मीलों दूर जाकर धाडिंग जिले के गल्छी के बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे अटक गया, जैसे ही लोगों की नजर इस पर पड़ी। वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों को समझ आ गया था कि ये कोई साधारण तिजोरी नहीं है।
आपदा के इस माहौल में कानून और व्यवस्था से बेपरवाह लोगों ने औजारों की मदद से लॉकर को तोड़ दिया। जैसे ही लॉकर टूटा, उसमें से नेपाली नोटों की गड्डियां बाहर निकल आईं। लॉकर में 92 लाख नेपाली रुपए से ज्यादा की रकम मौजूद थी। कैश देखते ही वहां मौजूद लोगों में नोट बटोरने की होड़ मच गई, जिसको जितना हाथ लगा, वह समेटकर रफूचक्कर हो गया, लेकिन ये मामला ज्यादा देर तक छिपा नहीं रह सका। पुलिस को भनक लग गई कि नदी किनारे एक लॉकर को तोड़कर रकम लूटी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने इलाके में तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया और संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा ये हुआ कि लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास से कुल 92,68,505 नेपाली रुपए बरामद किए। इस मामले में 29 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये पैसा किस बैंक की किस शाखा का था और क्या इस चोरी में कुछ और लोग भी शामिल हैं?
नेपाल में बाढ़ में सिर्फ बैंक का लॉकर लूटने की ही घटना नहीं हुई, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक और मामला सामने आया है। नारायणी नदी के तेज बहाव में बहकर आई एक महिला की लाश से सोने के कुंडल चुराए गए थे। लोग महिला के कान से बालियां बेहरमी से खींचते हुए दिखे थे। इसके बाद चोरी के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *