Spread the love

दुनिया में कई देशों में जन्म दर गिरावट एक वैश्विक प्रवृत्ति बन गई
नई दिल्ली। रूस की पुतिन सरकार देश के कुछ हिस्सों में गर्भवती होने वाली स्कूल की लड़कियों को एक लाख रूबल यानी करीब 1,08,500 रुपए से ज्यादा की राशि दे रही है, यह राशि इसलिए दी जा रही है ताकि लड़कियां बच्चों को जन्म दें और उनका पालन-पोषण करें। इसे प्रोनैटलिज्म कहा जाता है। यह रूस की नई जनसांख्यिकीय रणनीति का हिस्सा है। यह नीति मार्च 2025 में वयस्क महिलाओं के लिए लागू की गई थी और इसका उद्देश्य देश की जन्म दर में हो रही गिरावट पर अंकुश लगाना है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 2023 में रूस में प्रति महिला जन्म की संख्या 1.41 थी, जो जनसंख्या को स्थिर रखने के लिए जरूरी 2.05 के स्तर से काफी कम है। किशोर लड़कियों को बच्चों को जन्म देने के लिए पैसे देना रूस में विवादास्पद है। हालिया सर्वेक्षण के मुताबिक 43 फीसदी रूसी नागरिकों ने इस नीति का समर्थन किया है, जबकि 40 फीसदी इसके खिलाफ हैं। यह इस बात का संकेत है कि राज्य बच्चों की संख्या बढ़ाने को कितनी प्राथमिकता देता है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक बड़ी जनसंख्या को एक समृद्ध महान शक्ति के संकेतों में से एक मानते हैं। यूक्रेन पर हमले और उसके क्षेत्र पर कब्जा करने के प्रयासों ने रूस की जनसंख्या को घटाने में भी अहम भूमिका निभाई है। युद्ध में मारे गए रूसी सैनिकों की संख्या 2,50,000 हो गई है। हालांकि युद्ध की वजह से बड़ी संख्या में शिक्षित रूसी नागरिक देश छोड़ की चले गए हैं।
रूस की जनसांख्यिकीय स्थिति बहुत गंभीर है, लेकिन जन्म दर में गिरावट अब एक वैश्विक प्रवृत्ति बन गई है। अनुमान के मुताबिक 2050 तक दुनिया के तीन चौथाई से ज्यादा देशों में इतनी कम प्रजनन दर होगी कि वे अपनी जनसंख्या को बनाए नहीं रख पाएंगे। पुतिन अकेले नहीं हैं। विश्व के अन्य नेता भी महिलाओं को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने वाली नीतियां लागू कर रहे हैं।
बता दें हंगरी में विक्टर ओर्बन की सरकार तीन या उससे ज्यादा बच्चों वाले परिवारों को कर में छूट और सब्सिडी जैसे प्रोत्साहन दे रही है। पोलैंड में दो या ज्यादा बच्चों वाले परिवारों को प्रति बच्चे 500 ज्लाटी का हर महीने भुगतान किया जाता है। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप महिलाओं को बच्चे पैदा करने के लिए 5,000 डॉलर का प्रस्ताव दे रहे हैं। उनका यह प्रस्ताव मेक अमेरिका ग्रेट अगेन को बढ़ावा देने से जुड़ा है। एलन मस्क और दूसरे लोगों ने भी इसका समर्थन किया है। इस प्रयास का मकसद महिलाओं को बड़े परिवार के लिए प्रेरित करना है।
विश्व में प्रोनैटलिज्म की नीतियों का प्रभाव मिश्रित रहा है। कोई भी देश जन्म दर में गिरावट को उलटने का आसान तरीका नहीं खोज पाया है। स्पेन जैसे देश जनसंख्या में गिरावट की समस्या से निपटने के लिए प्रवासियों के लिए नागरिकता की प्रक्रिया को आसान बना रहे हैं। सरकारें केवल जनसंख्या बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि कुछ विशेष प्रकार के नागरिकों को प्रजनन के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रोनैटलिज्म की नीतियों को अपनाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *