Spread the love

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ली कानून व्यवस्था पर उच्चस्तरीय बैठक
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कैसे भी अपराध हों, उनके नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। अपराध नियंत्रण के कार्यों और नवाचारों में अनेक दृष्टि से मध्यप्रदेश आगे भी है। इस स्थिति को भी बेहतर बनाने के प्रयास हों। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अविश्वास पूरी तरह खत्म करना है। सभी वर्गों का विकास और सभी का हित सुनिश्चित करना है। विकास एवं सुरक्षा को पूरी प्राथमिकता देते हुए जन विश्वास को सशक्त बनाया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस की उपस्थिति सड़क से लेकर जनता के हृदय तक हो
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहरों में प्रमुख मार्गों पर स्टंट करने वालों, हथियार लहराने वालों, गौवंश पर अत्याचार या नशे से जुड़े अपराधों में लिप्त तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही हो। पुलिस की उपस्थिति सड़क से लेकर जनता के हृदय तक होना चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विभिन्न तरह के प्रकरणों में गृह विभाग और विधि विभाग समन्वय से आवश्यक प्रक्रियाओं के अनुसार कार्य पूर्ण करें। नए कानूनों के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश की सक्रिय भूमिका पर केन्द्रीय गृह मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की है। अपराध नियंत्रण के कार्यों और गतिविधियों में मध्यप्रदेश के प्रयासों और नवाचारों की भारत सरकार ने प्रशंसा की है। यह स्थिति कायम भी रहे और इसका स्तर और भी ऊंचा हो, ऐसे प्रयास किए जाएं।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में नक्सल विरोधी अभियान के अंतर्गत जहां नक्सली तत्वों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई है, वहां सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों को पूर्ण करने को भी प्राथमिकता दी जा रही है। गत 14 जून को बालाघाट जिले में 4 माओवादी मुठभेड़ में मारे गए। इनसे कई हथियार भी जब्त किए गए। हाल ही में 19 जुलाई को बालाघाट के लांजी क्षेत्र में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के सीमावर्ती वन क्षेत्र में माओवादियों से हुई मुठभेड़ में कम्प्यूटर टैबलेट, दूरबीन और अन्य सामग्री जब्त की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *