Spread the love

बढ़ाया मध्यप्रदेश पुलिस का मान
जबलपुर। मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक के पद पर जबलपुर में कार्यरत वर्षा पटेल, पिता गौरी शंकर पटेल, ने यूरोप महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वर्षा ने 21 अगस्त 2026 को 18,510 फीट (5,642 मीटर) की ऊंचाई पर पहुंचकर शिखर पर भारत का तिरंगा और मध्यप्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया।वर्षा की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ मध्यप्रदेश पुलिस, जबलपुर और पूरे प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। बचपन से ही खेलकूद और पर्वतारोहण में रुचि रखने वाली वर्षा राष्ट्रीय स्तर की बेसबॉल खिलाड़ी भी रह चुकी हैं और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 10 से अधिक पदक हासिल कर चुकी हैं।
वर्षा पटेल ने वर्ष 2024 में ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट कोज़ियास्को पर भारत का तिरंगा फहराया था। इस उपलब्धि के साथ वह मध्यप्रदेश पुलिस की पहली महिला आरक्षक बनी थीं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की सर्वोच्च चोटी पर तिरंगा पहुंचाया।अब माउंट एल्ब्रुस पर सफलता हासिल कर वर्षा ने अपने पर्वतारोहण अभियान को एक और बड़ी उपलब्धि से जोड़ दिया है।
माउंट एल्ब्रुस अभियान की शुरुआत 11 अगस्त 2026 को हुई थी। अभियान के दौरान मौसम लगातार चुनौतीपूर्ण बना रहा। खराब मौसम, तेज हवाओं और अत्यधिक ठंड के कारण पर्वतारोहण दल को कई दिनों तक अनुकूल मौसम का इंतजार करना पड़ा।20 और 21 अगस्त को मौसम कुछ अनुकूल हुआ तो दल ने अंतिम शिखर अभियान शुरू किया। रूस की कड़ाके की ठंड, तेज हवाओं और कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के बीच वर्षा ने साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए चढ़ाई जारी रखी।21 अगस्त की सुबह 9 बजकर 7 मिनट पर वर्षा पटेल माउंट एल्ब्रुस के शिखर पर पहुंचीं। शिखर पर पहुंचते ही उन्होंने गर्व के साथ भारत का तिरंगा और मध्यप्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया। यह पल उनके परिवार, पुलिस विभाग, जबलपुर और पूरे देश के लिए गौरवपूर्ण रहा।
सातों महाद्वीपों की चोटियां फतह करने का सपना……
वर्षा पटेल का लक्ष्य दुनिया के सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों को फतह कर ‘सेवन समिट’ अभियान पूरा करना है। माउंट एल्ब्रुस की सफलता के बाद उनका अगला लक्ष्य अफ्रीका महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट किलिमंजारो है।
वर्षा ने कहा कि पर्वतारोहण उनके लिए केवल एक साहसिक गतिविधि नहीं, बल्कि तिरंगे को दुनिया की ऊंची चोटियों तक पहुंचाने का संकल्प है। कठिन परिस्थितियों में भी शिखर पर तिरंगा फहराने का सपना उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *