Spread the love

शो के दौरान राखी ने लक्ष्मण को नामर्द कहकर संबोधित किया था

झांसी। बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत के लिए एक पुरानी मुश्किल फिर खड़ी हो गई है। झांसी की एक जिला अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला 16 साल पुराना है और एक इसतरह के व्यक्ति की कथित आत्महत्या से जुड़ा है, जो नवंबर 2010 में राखी सावंत के टीवी शो राखी का इंसाफ में शामिल हुआ था। अदालत ने राखी के कई बार बुलाने के बावजूद पेश न होने पर यह वारंट जारी किया है।
प्रेम नगर, झांसी निवासी लक्ष्मण अहिरवार नामक यह व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ वैवाहिक विवाद सुलझाने के लिए शो में आया था। आरोप है कि शो के दौरान राखी ने लक्ष्मण को नामर्द कहकर संबोधित किया था। इस घटना के बाद लक्ष्मण ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। जिला सरकारी वकील (अपराध) मृदुल कांत श्रीवास्तव ने बताया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने वारंट जारी किया है। इस मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद राखी सावंत ने एक वीडियो शेयर कर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, हां, आप सभी को मालूम है कि इसके पीछे कौन है, क्या है। देश की जनता के लिए जेल भी जाना पड़े, तब चले जाएंगे। राखी ने दावा किया कि 2010 के इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह केवल एक होस्ट थीं और चैनल के निर्देशों का पालन करती थीं। राखी के अनुसार, वह उस व्यक्ति को नहीं जानतीं और उनका कॉन्ट्रैक्ट चैनल के साथ था। उन्होंने आरोप लगाया कि कोई उनके नाम का इस्तेमाल करके गड़े मुर्दे उखाड़ना चाहता है, क्योंकि वह बच्चों को, मेरे स्टूडेंट को, मेरी जैन जी को सपोर्ट करती हैं। राखी ने अंत में कानून का सम्मान करने की बात कर कहा कि वह झांसी पुलिस और कानून के साथ हैं।
दरअसल, यह मामला लक्ष्मण अहिरवार की मां सावित्री द्वारा प्रेम नगर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। सावित्री ने आरोप लगाया था कि अक्टूबर 2010 में प्रसारित राखी का इंसाफ के एक एपिसोड में राखी सावंत ने उनके बेटे के लिए अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। राखी का इंसाफ शो लोगों के निजी और सामाजिक विवादों को सुलझाने का दावा करता था, लेकिन अक्सर इसमें तीखी बहस और हंगामा होता था। लक्ष्मण के परिवार का आरोप है कि शो के उस एपिसोड के बाद वह गहरे डिप्रेशन में चले गए थे और बाद में अत्यधिक शराब पीकर अपनी जान दे दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *