Spread the love

दो साल से बदहाल है विद्यालय मार्ग, कई बार ज्ञापन देने के बाद भी नहीं हुई सुनवाई; छात्राओं ने कहा—सड़क नहीं बनी तो करेंगे आंदोलन
देवरी। सागर जिले की देवरी नगर से लगे जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांसखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। बारिश के बाद कच्चे मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। विद्यालय आने-जाने में छात्राओं और शिक्षकों को हो रही परेशानी के विरोध में छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। छात्राओं ने सड़क के गड्ढों में भरे पानी के बीच धान के पौधे रोपकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया।
छात्राओं का कहना है कि विद्यालय मार्ग की समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और प्रशासन को लिखित शिकायत एवं ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। बारिश के दौरान हालात इतने खराब हो जाते हैं कि छात्राओं को कीचड़ और पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। इससे उनकी स्कूल ड्रेस भी गंदी हो जाती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
‘सड़क में गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़क नजर आ रही’
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने कहा कि मुख्य सड़क से विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग पूरी तरह कच्चा है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण बारिश का पानी उनमें जमा हो जाता है। छात्राओं ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक उन्हें इसी परेशानी के बीच विद्यालय आना-जाना पड़ेगा। प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उन्होंने गड्ढों में धान रोपकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।
दो साल से सड़क की यही स्थिति शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला की छात्रा मसीरा खान ने बताया कि मुख्य सड़क से स्कूल तक जाने वाला पूरा मार्ग कच्चा है। बारिश होते ही सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे छात्राओं को निकलने में काफी परेशानी होती है और उनकी स्कूल ड्रेस तक खराब हो जाती है। उन्होंने कहा कि कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन सड़क में कोई सुधार कार्य नहीं हुआ। इसी के चलते गड्ढों में धान लगाकर विरोध किया गया है, ताकि प्रशासन जागे और स्कूल की सड़क जल्द बन सके।
कक्षा 10वीं की छात्रा शिखा स्वामी ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से सड़क इसी स्थिति में है। सड़क निर्माण के लिए कई बार ग्राम पंचायत को लिखित रूप से शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आज सभी छात्राओं ने मिलकर गड्ढों में धान लगाकर प्रदर्शन किया है। यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो छात्राएं विद्यालय के सामने बैठकर आंदोलन करने को मजबूर होंगी।

बरसात में शिक्षक भी परेशान…..
विद्यालय के शिक्षक अमन शर्मा ने बताया कि मुख्य सड़क से स्कूल तक पहुंचने वाला मार्ग कच्चा होने के कारण बारिश के समय गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे पैदल आने-जाने वाली छात्राओं और शिक्षकों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी स्कूल प्रबंधन की ओर से सड़क की समस्या को लेकर लिखित शिकायत की गई थी, लेकिन आज तक सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राएं आती हैं, इसके बावजूद सड़क की समस्या की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सरपंच का फोन रहा बंद मामले को लेकर ग्राम पंचायत कांसखेड़ा की सरपंच मोनू पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इस कारण इस संबंध में उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
एसडीएम बोले—जल्द कराएंगे सड़क ठीक पूरे मामले को लेकर देवरी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मुनव्वर खान से फोन पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की सड़क पर छात्राओं द्वारा किए गए प्रदर्शन की जानकारी उनके संज्ञान में लाई गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ग्राम पंचायत से चर्चा कर सड़क को ठीक कराने की कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह है कि छात्राओं के अनोखे प्रदर्शन के बाद जिम्मेदार विभाग और ग्राम पंचायत इस बदहाल मार्ग की सुध कब तक लेते हैं और विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं को दलदल से कब राहत मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *