Spread the love

पूछताछ में सामने आया छात्र का पुराना अनुशासनहीनता का रिकॉर्ड………..साथी छात्र को भी लिया हिरासत में, पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
मंडला। जिले के निवास विकासखंड के शासकीय सांदीपनी विद्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्र के स्कूल बैग से अवैध हथियार बरामद हुआ। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई कि, और अभिभावकों व छात्रों में चिंता का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में कुछ छात्रों द्वारा गुटखा, पान-मसाला खाकर थूकने की शिकायत लगातार मिल रही थी। इस पर अंकुश लगाने के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा शुक्रवार को सभी कक्षाओं के छात्रों के बैग की आकस्मिक जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान जब 12वीं कक्षा के छात्रों के बैग चेक किए जा रहे थे, तो एक छात्र (नाबालिग) के बैग में 6 राउंड क्षमता वाली (पिस्टल) निकली। बैग से हथियार निकलते ही स्कूल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। प्राचार्य ने तत्काल थाना निवास पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हथियार जप्त कर छात्र को थाने ले गई। पूछताछ में एक अन्य साथी का नाम आने पर उसे भी हिरासत में लिया गया। दोनों ने बताया कि बंदूक पुरानी और बिना कारतूस की है, जिसे पेंट करने के लिए लाया गया था। पुलिस ने आर्म्स एक्ट 25 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना कर रही है।
छात्र का पुराना रिकॉर्ड भी खराब, पहले भी कर चुका है मारपीट……….
इस पूरे मामले में जब विद्यालय प्रबंधन से छात्र के बारे में और जानकारी ली गई तो एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि संबंधित छात्र द्वारा पहले भी कई बार विद्यालय में अनुशासनहीनता की जा चुकी है। कुछ समय पूर्व भी इसी छात्र ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विद्यालय के ही एक अन्य छात्र के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। उस समय छात्र को समझा-बुझाकर छोड़ दिया गया था, लेकिन अब बैग से कट्टा मिलने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि छात्र की गतिविधियां लगातार संदिग्ध मालूम पड़ रही हैं। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे छात्रों के कारण विद्यालय का माहौल खराब होता है और अन्य छात्रों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *