घने जंगल और दुर्गम रास्ते से 4 किलोमीटर पैदल पहुंची टीम, तेज बहाव के बीच किया साहसिक रेस्क्यू

सागर । जिले के आबचंद गुफा क्षेत्र में गदेरी नदी के तेज बहाव और चारों ओर पानी से घिरे नौ लोगों को सागर पुलिस, एसडीआरएफ और होमगार्ड की संयुक्त टीम ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बचा लिया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच पुलिस टीम घने जंगल और दुर्गम रास्ते से करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर रेस्क्यू स्थल तक पहुंची, जबकि एसडीआरएफ जवानों ने तेज बहाव के बीच नदी में उतरकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
22 अगस्त को डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि आबचंद गुफा क्षेत्र में गदेरी नदी के तेज बहाव के कारण नौ लोग नदी के बीच पानी से घिर गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस अधीक्षक सागर ने पूरे अभियान की निगरानी करते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक संसाधन मौके पर भेजे।
आबचंद गुफा की ओर से घटनास्थल तक पहुंचना कठिन होने के कारण आबचंद गांव की ओर से वैकल्पिक मार्ग चुना गया। पुलिस और एसडीआरएफ टीम घने जंगल, अंधेरे और दुर्गम रास्ते से करीब चार किलोमीटर पैदल आगे बढ़ी। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता, जीपीएस नेविगेशन और सर्चलाइट की मदद से टीम रेस्क्यू स्थल तक पहुंची।
तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ और होमगार्ड जवानों ने विशेष कौशल एवं सावधानी के साथ नदी में उतरकर सभी नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। स्वस्थ पाए जाने पर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
