Spread the love

बोलीं— मुंबई से बांग्लादेशी घुसपैठियों को करेंगे बाहर
मुंबई। मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मेयर पद को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने मेयर पद के लिए ऋतु तावड़े को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। बीजेपी पार्षद ऋतु तावड़े ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि मेयर बनने के बाद वो मुंबई से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर का रास्ता दिखाएंगी।
मेयर का पद इस बार ओपन कैटेगरी में महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित है, ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि मुंबई को एक बार फिर महिला मेयर मिलने जा रही है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना (शिंदे गुट) ने डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड नंबर 5 मगाठाणे के कॉर्पोरेटर संजय घाडी को उम्मीदवार बनाया है। संख्या बल को देखते हुए महायुति के उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। शिवसेना की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि डिप्टी मेयर का यह कार्यकाल अगले डेढ़ साल के लिए होगा।
बीजेपी पार्षद ऋतु तावड़े ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल के बाद उन्होंने कहा कि वह घाटकोपर और मुंबई की जनता की आभारी हैं, जिन्होंने उन्हें चुनकर निगम तक पहुंचाया। ऋतु तावड़े ने कहा, मेरी पहली प्राथमिकता मेरा वार्ड है। मेरे वार्ड के लोगों के साथ-साथ मुंबई के हर नागरिक की सेवा करना मेरी जिम्मेदारी होगी। इसी के साथ उन्होंने बीजेपी के एजेंडे को दोहराते हुए अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई का संकेत दिया। ऋतु तावड़े ने कहा, कि पार्टी के घोषणापत्र में साफ लिखा है कि जो बांग्लादेशी घुसपैठिए मुंबई में आकर फुटपाथों और सार्वजनिक जगहों पर कब्जा कर चुके हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून के तहत ऐसे लोगों को मुंबई से बाहर किया जाएगा।

ऋतु तावड़े का सियासी सफर
ऋतु तावड़े बीजेपी की वरिष्ठ और अनुभवी नगरसेविका मानी जाती हैं। उन्होंने पहली बार 2012 में वार्ड नंबर 127 से बीएमसी का चुनाव जीता था। इसके बाद 2017 के चुनाव में वह वार्ड नंबर 121 से दोबारा निर्वाचित हुईं। 2026 के बीएमसी चुनाव में उन्होंने वार्ड नंबर 132 से जीत दर्ज की। वे इससे पहले बीएमसी की एजुकेशन कमेटी की चेयरपर्सन भी रह चुकी हैं। राजनीति में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने कांग्रेस से की थी, लेकिन 2012 में बीजेपी में शामिल हो गई थीं।
स्थानीय राजनीति का प्रभावी चेहरा हैं संजय घाड़ी
वहीं, डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवार संजय घाडी को स्थानीय राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा माना जाता है। वे पहले मनसे प्रमुख राज ठाकरे के करीबी रहे हैं और पार्टी की स्थापना के समय से उनके साथ जुड़े थे, लेकिन बाद में उन्होंने शिवसेना का दामन थाम लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *