Spread the love

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घोषणा की है कि जंतर-मंतर का सीजन-2 बहुत जल्द शुरू होगा। उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम पर बहुत से लोग उनसे यह सवाल पूछ रहे हैं कि अगला सीजन कब आएगा।
इस ऐलान के साथ ही, दीपके ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में उनकी पार्टी की स्वयंसेवक बैठक के लिए एक हॉल खोजने में उन्हें काफी कठिनाई हुई। दीपके के अनुसार, उन्हें हर जगह यही कहा गया कि ऊपर से दबाव है और कोई भी हॉल किराए पर देने को तैयार नहीं था।
दीपके ने बताया कि काफी मुश्किलों के बाद सीजेपी ने हॉल बुक किया था, जिसकी रसीद भी उनके पास मौजूद है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह हॉल मालिकों को धमकी दी गई। दीपके के मुताबिक, हॉल मालिकों से कहा गया कि अगर उन्होंने यहां सीजेपी की बैठक होने दी, तब उन्हें उल्टा लटका दिया जाएगा। उन्होंने सीधे तौर पर इन कार्रवाइयों के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया।
सीजेपी संस्थापक ने कहा कि इस तरह की हरकतें दिखाती हैं कि बीजेपी देश के युवाओं से डरी हुई है। उन्होंने कहा, अगर उन्हें लगता है कि ऐसी छोटी-मोटी हरकतों से हम डर जाएंगे तो यह उनकी बहुत बड़ी गलतफहमी है। हालांकि, हॉल बुकिंग को लेकर दबाव और धमकी के अभिजीत दीपके के इन आरोपों पर बीजेपी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *