Spread the love

विपक्षी सांसदों की नारेबाजी और हंगामें पर किरेन रिजिजू ने कहा…
अमित शाह जवाब देंगे तो आप सुन नहीं पाएंगे, उनसे कांपते हैं आतंकी

नई दिल्ली। विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार को भी संसद परिसर में तेज बारिश के बीच राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर प्रदर्शन में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) एमएसएमई विधेयक 2026 ध्वनिमत से पास हुआ। दोनों सदन सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिए गए हैं। राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने ‘अमित शाह सदन में आओ’ के नारे लगाए। इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि शाह सुबह से रात तक संसद में ही रहते हैं। उन्होंने लोकसभा में कहा कि अमित शाह का नाम सुनते ही आतंकी कांप उठते हैं। वह बोलेंगे तो आप सुन नहीं पाएंगे। इसी बीच कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को 10 से 12 अगस्त तक संसद में मौजूद रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को फिर से मांग की कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर बयान दें। गृह मंत्री के बयान की विपक्ष की मांग और लगातार नारेबाजी के बीच संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। खरगे ने दावा किया कि राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने अमित शाह को निर्देश जारी किया था। हालांकि, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के इस दावे का खंडन किया। उन्होंने कहा, जब गृह मंत्री जवाब देंगे, तो आप सुन नहीं पाएंगे। बारिश के बीच केंद्र सरकार के खिलाफ छाते और तख्तियां लिए सांसदों ने संसद के मकर द्वार के सामने अमित शाह जवाब दो जैसे नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
अमित शाह के नाम से आतंकी कांपते हैं
जब राज्यसभा में चर्चा चल रही थी तो कांग्रेस समेत विपक्ष ने अमित शाह जवाब दो के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरेन रिजूजू ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अमित शाह जवाब दो वालों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा-गृह मंत्री अमित शाह वो इंसान हैं, जिनका नाम सुनकर सारे आतंकवादी उग्रवादी कांप उठते हैं। जिस दिन यहां चर्चा शुरू होगी, अमित शाह जवाब देंगे, आप सुन नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा-ये नारा लगाने का जो तरीका है, वो ठीक नहीं है।


विपक्ष यह तय नहीं कर सकता
रिजिजू बोले- विपक्ष के नेता सदन को गुमराह कर रहे हैं। चेयर की तरफ से ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया गया है। मैं यह बात रिकॉर्ड पर कह रहा हूं। सुबह संसद शुरू होने से लेकर रात में इसके खत्म होने तक गृह मंत्री संसद में ही रहते हैं। सदन के कामकाज के लिए जिम्मेदार मंत्री ही जवाब देते हैं। विपक्ष यह तय नहीं करेगा कि कौन सा मंत्री कब आएगा।

कांग्रेस ने सांसदों को 10 से 12 अगस्त तक सदन में रहने के निर्देश
कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा के अपने सभी सांसदों को 10, 11 और 12 अगस्त को सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने कहा है कि इन दिनों संसद में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी, इसलिए सभी सांसदों की उपस्थिति जरूरी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों से भी अपने सांसदों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा है। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह संसद में एफसीआरए संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े अहम प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *