दमोह पुलिस की ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध सख्त कार्रवाई
दमोह। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में दमोह पुलिस द्वारा ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ (शराब पीकर वाहन चलाने वालों) के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस द्वारा बीते दिवस जप्त किए गए 2 ट्रकों के चालकों पर आज माननीय न्यायालय द्वारा कुल 20,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
अभियान के तहत यातायात थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान दो भारी वाहनों (ट्रक) के चालकों को अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। पुलिस टीम द्वारा ब्रेथ एनालाइजर (एल्कोमीटर) से जांच करने पर शराब के सेवन की पुष्टि होने पर मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत दोनों ट्रकों को तत्काल जप्त कर कार्रवाई की गई थी।
यातायात थाना प्रभारी द्वारा उक्त दोनों जप्त ट्रकों के प्रकरण माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए। न्यायालय द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों वाहन क्रमांक CG 18 K 1655 पर 10,000/- रुपये का जुर्माना व वाहन क्रमांक CG 04 PC 5041पर 10,000/- रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।


