Spread the love

हाईकोर्ट के निर्देश पर चल रही जांच में मुकुट में हुआ खुलासा, असली-नकली की हुई पहचान

तिरुवंनपुरम । सबरीमाला मंदिर में एक बार फिर सोने के आभूषण को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। सन्निधानम के स्ट्रॉन्ग रूम में रखा 446 ग्राम का सोने का मुकुट गायब मिला है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वहां असली मुकुट की जगह नकली मुकुट रखा मिला यानी किसी ने सिर्फ सोना गायब नहीं किया बल्कि असली गहने को हटाकर उसकी जगह दूसरा मुकुट रख दिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मामले का खुला तब हुआ जब मंदिर के पवित्र आभूषणों की गिनती और जांच चल रही थी। यह जांच हाईकोर्ट के निर्देश पर जस्टिस के टी शंकरन की अगुवाई में हो रही है। जांच में मुकुट को लेकर यह बड़ा अंतर सामने आया। अब सुरक्षा व्यवस्था से लेकर उस दौरान जिम्मेदार रहे अधिकारियों और कर्मचारियों तक पर सवाल उठ रहे हैं। यह मुकुट साल 2012 में तमिलनाडु के भक्तों ने सबरीमाला मंदिर में अर्पित किया था। इसे सन्निधानम से आरणमुला के मुख्य स्ट्रॉन्ग रूम में भेजा जाना था, लेकिन मुकुट को ऐसी जगह रखा गया जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नहीं थी।
अब जांच में सामने आया है कि स्ट्रॉन्ग रूम में मौजूद मुकुट नकली है। इसी जांच में आरणमुला देवस्वोम के स्ट्रॉन्ग रूम से चार ग्राम की सोने की माला भी गायब मिली। एक तरफ सोने का मुकुट गायब है और दूसरी तरफ सोने की माला भी नहीं मिल रही। ऐसे में जांच का दायरा बढ़ना तय माना जा रहा है। देवस्वोम बोर्ड ने भी सुरक्षा चूक समेत सभी पहलुओं की जांच की बात कही है। सन्निधानम के स्ट्रॉन्ग रूम में 446 ग्राम का सोने का मुकुट रखा था। जांच के दौरान पता चला कि असली मुकुट वहां नहीं है। उसकी जगह नकली मुकुट रखा था। जांच टीम ने गिनती और सत्यापन के दौरान इस अंतर को पकड़ा।
हाईकोर्ट के निर्देश पर मंदिर के तिरुवाभरणों की गिनती और जांच चल रही है। इसी दौरान असली मुकुट की जगह नकली मुकुट रखे होने की जानकारी सामने आई। गिनती के पहले चरण की रिपोर्ट अगले महीने के पहले सप्ताह में हाईकोर्ट के सामने पेश की जाएगी। देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष के जयकुमार ने कहा है कि सुरक्षा चूक समेत सभी पहलुओं की विस्तृत जांच होगी। मुकुट रखे जाने के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी जांच केंद्रित रहेगी। हाईकोर्ट की रिपोर्ट मिलने के बाद मामले को विशेष जांच दल को सौंपने समेत आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। बोर्ड ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *