Spread the love

भोपाल । विगत दिनों इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण को लेकर छात्रों द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी से की गई चर्चा के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है।
राहुल ने 22 सितंबर को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री से 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की है। राहुल ने लिखा- इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के कई स्टूडेंट्स ने शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाए। ओबीसी आरक्षण के तहत रुकी नियुक्तियों का मामला भी सामने आया था।
छात्रों के अनुसार, वे परीक्षा पास करने के साथ चयन प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। इसके बावजूद 87:13 व्यवस्था के तहत ओबीसी आरक्षण से जुड़े 13 प्रतिशत पदों को होल्ड रखा गया है। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी वर्ष 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। वे भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं।


राहुल गांधी ने लिखा- 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को सभी दलों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया था। इसके बावजूद इस मुद्दे का समाधान अब तक नहीं हुआ है। नियुक्ति और आरक्षण के क्रियान्वयन की मांग को लेकर अभ्यर्थियों को बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से कहा कि छात्रों की बात सुनी जाए। 27 प्रतिशतओबीसी आरक्षण लागू किया जाए और सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। चार साल से अधिक समय से इंतजार कर रहे इन युवाओं का कीमती वक्त अब और जाया नहीं होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *