
सौरव दास ने दिल्ली पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप, बोले-
डीपफेक और एआई का जमकर इस्तेमाल कर रही दिल्ली पुलिस: सीजेपी
नई दिल्ली । सीजेपी के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने दावा किया है कि पुलिस उन्हें और उनके साथियों को किसी कथित एंटी-नेशनल कहानी में फंसाने की कोशिश में जुटी है। उनके अनुसार, इसके लिए डीपफेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और एडिट की गई चैट जैसी तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है। दास ने इसे टैक्सपेयर्स के पैसों की भारी बर्बादी करार दिया है। दास ने पुलिस को नसीहत देते हुए कहा कि इस तरह की काल्पनिक कहानियां गढ़ना पुलिस मैनुअल का हिस्सा नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि इन हरकतों के लिए दिल्ली पुलिस को कोई बुकर पुरस्कार या साहित्य का नोबेल पुरस्कार नहीं मिलने वाला है। उन्होंने पुलिस को पीजी माफिया, अस्पताल माफिया और शिक्षा माफिया जैसे वास्तविक मुद्दों की जांच करने की सलाह दी है।
प्रदर्शन से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए दास ने कहा कि ऐसे मामलों में प्रदर्शनकारियों को स्थायी छूट मिली हुई है। उन्होंने पुराने घटनाक्रम की याद दिलाते हुए दावा किया कि संसद मार्च से कुछ दिन पहले तत्कालीन पुलिस आयुक्त को इसलिए हटाया गया था क्योंकि शीर्ष अधिकारियों ने कुछ कथित कठोर निर्देशों को लागू करने से इनकार कर दिया था। अंत में, सौरव दास ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि दिल्ली पुलिस के पास उनसे या प्रदर्शन से जुड़े कोई सवाल हैं, तो किसी भी तरह की जुगाड़ या मनगढ़ंत तकनीक अपनाने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह, दीपके और आशुतोष तीनों ही पुलिस आयुक्त के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने और हर सवाल का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सीधे पूछताछ करने से पुलिस के सामने ओरिजिनल लोग मौजूद होंगे, जिससे किसी भी डीपफेक या फर्जी चैट की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
