
नई दिल्ली । भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें फिर बढ़ी हैं। उन्हें यौन उत्पीड़न मामले में बरी करने के दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को महिला पहलवानों ने सेशन कोर्ट में चुनौती दे दी है। बीते 3 अगस्त को राउज एवेन्यू कोर्ट ने बृजभूषण को इन आरोपों से बरी किया था। अब चार महिला पहलवानों ने फैसले के खिलाफ सेशन कोर्ट का रुख किया है, साथ ही सह-आरोपी विनोद तोमर की रिहाई को चुनौती दी है। महिला पहलवानों की अपील पर राउज एवेन्यू कोर्ट शनिवार को सुनवाई कर सकती है।
याचिका में दावा किया है कि निचली अदालत का आदेश कानून की दृष्टि में मान्य नहीं है और उसमें सबूतों का गलत व चुनिंदा आकलन हुआ। अपील में आरोप है कि फैसला अनुमान और अटकलों पर आधारित था, जिसमें स्थापित कानूनी सिद्धांतों को सही ढंग से लागू नहीं किया गया। पहलवानों का कहना है कि आदेश में पीड़िता के व्यवहार को लेकर पुरानी रूढ़िवादी सोच को आधार बनाया गया। यह चुनौती बृजभूषण शरण सिंह की राजनीतिक और कानूनी मुश्किलें फिर से बढ़ा सकती है।
