Spread the love

बोले- पूरा मामला फर्जी था, हमारे ऊपर कीचड़ डाला गया, हमें भ्रष्टाचारी बताया

कोर्ट ने आप नेताओं को बेदाग बताया और कहा सत्ता चाहिए अच्छे काम करिए
नई दिल्ली। शराब घोटाले में बरी होने के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल रो पड़े। शुक्रवार को कोर्ट से बाहर आते ही अरविंद केजरीवाल पत्रकारों के सामने अपनी प्रतिक्रिया देने लगे तो उनके आंसू निकल पड़े। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने कभी भ्रष्टाचार नहीं किया और अब कोर्ट ने भी यह कह दिया है। कई महीने जेल में बिता चुके केजरीवाल ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ सालों से बीजेपी जिस तरह से शराब घोटाला, शराब घोटाला चिल्ला रही थी और हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी। आज कोर्ट ने सारे आरोप खारिज कर दिए, जितने भी आरोपी थे सभी को बरी कर दिया। हम हमेशा कहते थे कि सत्य की जीत होगी। हमें भारतीय न्यायपालिका पर भरोसा है। मैं जज साहब का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने हमारे साथ न्याय किया। सत्य की जीत हुई। मैं हमेशा कहता था कि भगवान हमारे साथ है।
रिपोर्ट के मुताबिक शराब घोटाले मामले को राजनीतिक साजिश बताते हुए केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साथा उन्होंने कहा कि मोदीजी और अमित शाह ने मिलकर आजाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा।

आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए पांच सबसे बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया

आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए पांच सबसे बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया। यहां तक कि मौजूदा सीएम को घसीटकर जेल में डाला गया। हमारे डिप्टी सीएम को दो साल जेल में रखा। पूरा फर्जी मामला था। हमारे ऊपर कीचड़ डाला गया। 24 घंटे खबरें चलाई जाती थीं केजरीवाल भ्रष्ट है, केजरीवाल भ्रष्ट है। यह कहते ही अरविंद केजरीवाल रो पड़े। पास खड़े मनीष सिसोदिया ने उन्हें संभाला।
केजरीवाल ने अपने को संभाले हुए खुद को कट्टर ईमानदार बताया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। मैंने केवल अपनी जिंदगी में ईमानदारी कमाई है। उन्होंने झूठा मामला लगाया और आज यह साबित हो गया है। कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल, सिसोदिया और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है। केजरीवाल ने कहा कि मैं पीएम मोदी से कहना चाहता हूं कि सत्ता के लिए इस तरह देश और संविधान से खिलवाड़ मत कीजिए। आपको सत्ता चाहिए अच्छे काम करिए। आज देश के सामने इतनी बड़ी-बड़ी समस्याएं हैं। महंगाई है, बेरोजगारी है। पूरे देश में सड़कें टूटी हैं, चोरों तरफ प्रदूषण है। उन समस्याओं का समाधान करके सत्ता में आइए। केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर झूठे केस क्यों करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *