बहेला पुलिस की रिसेवाड़ा में दबिश, 31 पेटियों समेत 1.72 लाख की देशी-विदेशी शराब बरामद

बालाघाट। शराब के क्वार्टर में पानी मिलाकर दोबारा बेचने और अवैध शराब के संग्रहण का मामला सामने आया है। बहेला पुलिस ने ग्राम रिसेवाड़ा में दबिश देकर 325 लीटर 950 मिलीलीटर अवैध देशी-विदेशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 72 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से फालगुराम मस्करे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के घर के पीछे स्थित बाड़ी से 31 पेटियों में रखी शराब के साथ इस्तेमाल किए हुए खाली क्वार्टर और ढक्कन भी मिले हैं। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके विरुद्ध पहले से आबकारी एक्ट के 11 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रिसेवाड़ा निवासी फालगुराम मस्करे के घर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी है। सूचना पर बहेला पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान घर के पीछे स्थित बाड़ी से 31 पेटियों में रखी देशी-विदेशी शराब और बोतलों में रखी अन्य शराब बरामद हुई। कुल जब्ती 325 लीटर 950 मिलीलीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.72 लाख रुपए है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान इस्तेमाल किए हुए शराब के खाली क्वार्टर और ढक्कन भी बरामद हुए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी शराब के क्वार्टर से कुछ मात्रा में शराब निकालकर उसमें पानी मिलाता था और फिर ढक्कन बंद कर उन्हें बेचता था। पुलिस इस कथित मिलावट और अवैध बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने फालगुराम मस्करे को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत पहले से 11 प्रकरण दर्ज हैं।
