Spread the love

गुजरात हाईकोर्ट का अहम फैसला, कहा- पुनर्विवाह से मुआवजे का कानूनी अधिकार खत्म नहीं होता….

अहमदाबाद। गुजरात हाईकोर्ट ने दुर्घटना मुआवजे को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि पति की सड़क हादसे में मौत के बाद पत्नी यदि दूसरी शादी कर लेती है, तब भी उसका दुर्घटना मुआवजा पाने का कानूनी अधिकार समाप्त नहीं होता। केवल पुनर्विवाह के आधार पर पत्नी के मुआवजे के दावे को खारिज नहीं किया जा सकता।
यह मामला पंचमहल जिले के रिंछवाणी गांव के पास हुए सड़क हादसे से जुड़ा है। 4 फरवरी, 2009 को ट्रक की टक्कर से कमलेश पटेलिया की मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी कमलाबेन ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) में मुआवजे के लिए याचिका दायर की थी।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 29 सितंबर, 2017 को कमलाबेन के पक्ष में मुआवजा मंजूर किया था। इस फैसले को चुनौती देते हुए बीमा कंपनी ने गुजरात हाईकोर्ट में अपील दायर की। कंपनी की दलील थी कि कमलाबेन ने पति की मृत्यु के बाद दूसरी शादी कर ली है, इसलिए उन्हें मुआवजा नहीं दिया जाना चाहिए।
हाईकोर्ट ने बीमा कंपनी की इस दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि पति की दुर्घटना में मृत्यु के बाद पत्नी का पुनर्विवाह उसके मुआवजे के कानूनी अधिकार को समाप्त नहीं करता। केवल दूसरी शादी को आधार बनाकर मुआवजे के दावे से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस फैसले से सड़क दुर्घटना में पति को खोने वाली महिलाओं के मुआवजे के अधिकार को लेकर महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति स्पष्ट हुई है। अदालत के फैसले का संदेश है कि पुनर्विवाह मात्र से दुर्घटना मुआवजे का दावा खत्म नहीं होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *