Spread the love

डीजीपी की ओर से दाखिल प्रत्येक अपील पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया ……..

सिवनी में पुलिस बस की टक्कर से 3 लोगों की मौत का मामला

जबलपुर । म.प्र. उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने सिवनी में पुलिस बस से हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस की उस दलील को हास्यास्पद बताया, जिसमें कहा गया था कि पीड़ित परिवार नागपुर के निजी अस्पताल में इलाज कराने के बजाय मंडला में भी उपचार करा सकता था । न्यायालय ने दो टूक कहा ति यह पुलिस तय नहीं कर सकती कि नागरिक अपना इलाज कहां करवाएं। इस मत के साथ एकलपीठ ने मामले में मध्य प्रदेश के डीजीपी की ओर से दाखिल सभी छह अपीलें खारिज कर दीं। यही नहीं न्यायालय ने पुलिस विभाग की लापरवाही और सरकार की दलीलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रत्येक अपील पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया तथा हादसे में मृतकों के परिजनों को मिलने वाले मुआवजे में भी वृद्धि की है।

प्रकरण के मुताबिक मंडला के सरदार भगत सिंह वार्ड निवासी प्रीति विजय पमनानी का परिवार 5 अप्रैल 2024 को कार से इलाज कराने नागपुर गया था। उसी रात नागपुर से लौटते समय रात लगभग 1:15 बजे केवलारी के पहले पुलिस की बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार में सवार ड्राइवर काजू महोबिया, निखलेश जसवानी और कन्हैया जसवानी की मौत हो गई थी। मंडला के मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 16 सितंबर 2025 को मृतकों के परिजनों को 48.26 लाख रुपये और ड्राइवर काजू महोबिया के परिवार को 18.19 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था। इसी आदेश को चुनौती देते हुए डीजीपी की ओर से उच्च न्यायालय में छह अपीलें दाखिल की गई थीं।

मामले में सुनवाई के दौरान न्यायालय में पुलिस की ओर से दलील दी गई कि घायलों ने नागपुर के बड़े अस्पतालों में इलाज कराकर जानबूझकर भारी-भरकम मेडिकल बिल तैयार करवाए, जबकि वे मंडला जिला अस्पताल में भी उपचार करा सकते थे। इस दलील पर एकलपीठ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे बेहद हास्यास्पद बताते हुए कहा कि पुलिस विभाग की दलील का अर्थ यह है कि पीड़ित परिवार अपनी पसंद से इलाज नहीं करा सकता और उसे पुलिस की मर्जी के अनुसार ही उपचार कराना होगा। एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता और आवश्यकता के अनुसार बेहतर चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने का संवैधानिक अधिकार है। पुलिस यह निर्धारित नहीं कर सकती कि कोई नागरिक अपना इलाज किस अस्पताल में कराएगा।

सुनवाई के बाद एकलपीठ ने अपने फैसले में राज्य सरकार की ओर से पैरवी करने वाले सहायक लोक अभियोजक की भूमिका पर भी सवाल उठाए। न्यायमूर्ति श्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य की ओर से पैरवी करने वाले अधिवक्ता ने यह साबित करने का कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया कि प्रस्तुत मेडिकल दस्तावेज फर्जी थे अथवा दुर्घटना के लिए पीड़ितों की कोई गलती जिम्मेदार थी। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि सरकार और उसके प्रतिनिधियों की इस विफलता का लाभ शासन को नहीं दिया जा सकता। केवल मेडिकल बिलों की राशि अधिक होने का तर्क देकर पीड़ित परिवार के मुआवजे के दावे को खारिज नहीं किया जा सकता। न्यायालय ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के फैसले में संशोधन करते हुए मुआवजे की राशि बढ़ा दी। अदालत के फैसले के अनुसार मृतकों के परिजनों का मुआवजा पहले जहां 48.26 निर्धारित था वहीं उच्च न्यायालय ने इसे 60.32 लाख कर दी है। इसी तरह ड्राइवर काजू महोबिया के परिवार का मुआवजा ड्राइवर काजू महोबिया के परिवार का मुआवजा ड्राइवर काजू महोबिया के परिवार का मुआवजा 18.19 लाख था जिसे न्यायालय ने बढाकर 23.45 लाख कर दिया। इसके अलावा डीजीपी की ओर से दाखिल प्रत्येक अपील पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *