सोनिया गांधी की किताब पर बातचीत में पुरानी यादें साझा करते हुए बोले राहुल

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर बड़ा दावा किया है। राहुल का कहना है कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके। इसके लिए पहले से माहौल तैयार किया गया था। उन्होंने यह बात मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ एक वीडियो बातचीत में कही। यह वीडियो सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग:ए जर्नी ऑफ लव पर चर्चा के दौरान सामने आया है। किताब का विमोचन 16 नवंबर को दिल्ली में हुआ था। बातचीत में गांधी परिवार ने राजीव गांधी की सुरक्षा, उनके राजनीतिक दौर और परिवार की चिंताओं से जुड़े कई पुराने अनुभव साझा किए।
राहुल गांधी ने बताया कि राजीव गांधी के बिहार दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई थीं। उन्होंने इस दौरे को अपने लिए आखिरी चेतावनी जैसा बताया। राहुल के मुताबिक, उन्होंने मां सोनिया गांधी से साफ कहा था कि अगर पिता की सुरक्षा बहाल नहीं की गई तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होना पड़ सकता है। सोनिया गांधी ने भी इस बातचीत में बिहार दौरे का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राहुल अपने पिता के साथ बिहार गए थे। उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे और खुले जीप में यात्रा कर रहे थे। इस दौरान भीड़ की ओर से उन पर पत्थर फेंके गए थे। सोनिया के मुताबिक, दौरे से लौटने के बाद राहुल ने उनसे कहा था कि मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार में शामिल होऊंगा।
सुरक्षा घेरे को लेकर विपक्षी नेता भी उठाते थे सवाल…..
राजीव गांधी 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई थी। वे कई वर्षों तक बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होते थे। हालांकि, उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विपक्षी नेता लगातार सवाल उठाते थे। 1989 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद वीपी सिंह ने भी राजीव गांधी की सुरक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी की थी। उनका कहना था कि कमांडो दस्ते से घिरे रहने के कारण राजीव गांधी आम लोगों से कट गए हैं। राजीव गांधी ने 5 मई 1991 को बिहार की एक चुनावी सभा में इस स्थिति का जिक्र किया था। टाइम मैगजीन के मुताबिक, उन्होंने कहा था कि 1984 में कांग्रेस महासचिव रहते हुए वे जिस तरह प्रचार करते थे, प्रधानमंत्री बनने के बाद सुरक्षा व्यवस्था ने उन्हें अपने घेरे में ले लिया। उन्होंने यह भी कहा था कि खतरा अब भी है और कम नहीं हुआ है, लेकिन उनके सामने दो ही विकल्प हैं- या तो चुनाव प्रचार करें या अपनी सुरक्षा संभालें।
मां हर समय सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती थीं…….
बातचीत में प्रियंका गांधी ने भी परिवार के उन दिनों को याद किया, जब राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर घर में लगातार चिंता बनी रहती थी। प्रियंका के मुताबिक, इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी अपने पति की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क रहती थीं। वे घर के चारों ओर लगी कांटेदार तारों की जांच करती थीं। यहां तक कि सुरक्षा गार्ड सो तो नहीं रहे हैं, इस पर भी उनकी नजर रहती थी। प्रियंका ने बताया कि उनका कमरा घर के सामने की ओर था। वे पिता के कदमों की आवाज सुनने तक सो नहीं पाती थीं। परिवार के लिए सुरक्षा सिर्फ सरकारी व्यवस्था का विषय नहीं थी, बल्कि हर दिन की चिंता बन गई थी।
21 मई 1991 को आत्मघाती हमले में हुई थी राजीव गांधी की हत्या……..
21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनाव प्रचार के दौरान राजीव गांधी की आत्मघाती बम हमले में हत्या कर दी गई थी। एक महिला हमलावर चंदन की माला लेकर उनके करीब पहुंची और उनके सामने झुकते ही विस्फोट हो गया। इस हमले में राजीव गांधी समेत कई लोगों की मौत हुई थी। उस समय उनकी उम्र 46 वर्ष थी। राहुल गांधी के ताजा बयान ने राजीव गांधी की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी हत्या से पहले के घटनाक्रम को एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में ला दिया है। हालांकि, सुरक्षा जानबूझकर हटाए जाने और हत्या के लिए माहौल बनाए जाने संबंधी राहुल के दावे को स्वतंत्र रूप से पुष्ट करने वाले तथ्य इस बातचीत में सामने नहीं आए हैं।
