Spread the love

शाहजहांपुर । उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम परिवार के घर पर वंदे मातरम और नेमप्लेट पर भगत सिंह लिखा होने के कारण एक इमाम ने निकाह पढ़ाने से इंकार कर दिया। इस घटना के बाद, अधिवक्ता मोनिश की शिकायत पर इमाम मोहम्मद सुरफान रज़ा कादरी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और शांति भंग करने की धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई है। यह मामला बरमौला अर्जुनपुर गांव का है। मोनिश के अनुसार, उनकी बहन का निकाह 15 नवंबर को तय था और इसकी जानकारी 10-15 दिन पहले ही मस्जिद के इमाम को दे दी गई थी। हालांकि, 13 नवंबर को इमाम ने निकाह पढ़ाने से मना कर दिया। मोनिश का आरोप है कि इमाम ने कहा कि उनके परिवार के कुछ कार्य दीन के खिलाफ हैं। 15 नवंबर को, इमाम ने अपने पिता की बीमारी का हवाला देकर निकाह नहीं पढ़ाया।

मोनिश ने बताया कि वे अपने नाम के आगे भगत सिंह लिखते हैं, जय हिंद और वंदे मातरम बोलते हैं, और यह सब उनके घर की नेमप्लेट पर अंकित है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राष्ट्रवादी विचारधारा और हिंदू परंपराओं के प्रति सम्मान के कारण ही उन्हें परेशान किया गया। पुलिस ने बताया कि अधिवक्ता मोनिश की तहरीर पर इमाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। इमाम पक्ष का कहना है कि उन्होंने पिता की तबीयत खराब होने की सूचना एक दिन पहले ही दे दी थी, ताकि दूसरे इमाम की व्यवस्था हो सके। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

(फोटो में चित्र प्रतीकात्मक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *