चीन से आ रहा सोने में मिलाया जाने वाला पावडर..

नई दिल्ली। सोने की कीमतों में हो रही भारी गिरावट के बीच अब इसकी शुद्धता को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। दावा किया जा रहा है कि चीन ने दुनिया में एक ऐसा मेटल भेजना शुरू कर दिया है, जिसे सोने में मिला दो तो भारतीय मानक ब्यूरो भी पकड़ नहीं पाता। एक जांच रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम जैसे भारी मेटल का पाउडर मिलाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस मिलावट के बावजूद सोने की कुछ जांचों में इसकी शुद्धता 24 कैरेट तक बताई गई। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन से इस पाउडर की सप्लाई और भारत के कई शहरों में इसके डीलरों का एक बड़ा नेटवर्क होने का दावा किया गया है।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के शेनझेन में स्थित एक एजेंट से संपर्क करने पर उसने रेनियम पाउडर बनाने और भारत के कई शहरों में डीलरों के नेटवर्क का दावा किया। मुंबई के एक डीलर के जरिये एक ग्राम रेनियम पाउडर का सैंपल हासिल कर जोधपुर के एक जौहरी के साथ इसका प्रयोग किया गया। चौंकाने वाले नतीजों में सामने आया कि एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाने पर मिश्रण का कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया। दावा है कि जांच में इस मिश्रण को 24 कैरेट सोना बताया गया। इसके बाद जब जौहरी ने इसमें दूसरी धातु मिलाकर 22 कैरेट की ज्वेलरी तैयार की, तो हॉलमार्किंग सेंटर ने भी इसे 22 कैरेट प्रमाणित कर दिया। हालांकि, इसकी वास्तविक सोने की मात्रा महज 81.73 फीसद थी, यानी यह लगभग 20 कैरेट के बराबर था। इस मिलावटी ज्वेलरी को कई शोरूम और टेस्टिंग सेंटरों में भी शुद्धता के मानकों पर खरा पाया गया। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह निष्कर्ष जांच में इस्तेमाल किए गए सैंपल पर आधारित है और इससे यह साबित नहीं होता कि सभी हॉलमार्किंग सेंटर या जांच मशीनें रेनियम की मिलावट पकड़ने में नाकाम हैं।
इस बीच, मध्य प्रदेश के इंदौर सराफा बाजार में भी सोने में भारी धातुओं की मिलावट को लेकर चिंता जताई गई है। कारोबारियों के मुताबिक, रुथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी धातुओं का उपयोग वजन बढ़ाने के लिए किया जा रहा है, जिनका घनत्व सोने से अधिक होता है। ऐसे में पारंपरिक एसिड और टचस्टोन टेस्ट से मिलावट पकड़ना और भी मुश्किल हो जाता है। गोल्ड पाउडर नाम के एक पदार्थ को लेकर भी चिंताएं हैं, जिसकी आपूर्ति महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के रास्ते भारतीय बाजारों में होने की बात कही गई है। हालांकि, इसके चीन में बनने की आशंका की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। सोने की शुद्धता जांचने वाली हॉलमार्किंग व्यवस्था पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की ड्राफ्ट रिपोर्ट ने भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
