
बालाघाट। जागपुर घाट के जंगल में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। युवक ने मौत से चंद सेकंड पहले अपने दोस्त को वाट्सएप वीडियो कॉल किया था। कॉल के दौरान उसने मरने की बात कही तो दोस्त ने उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोस्त कुछ समझ पाता, इससे पहले ही युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। युवक ने वीडियो कॉल में अपनी महिला मित्र को भी जोड़ रखा था। घटना ने परिजनों और दोस्तों को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक की पहचान अरुण ठाकरे पिता बलदेव ठाकरे निवासी ग्राम भटलई, थाना बिरसा के रूप में हुई है। अरुण बालाघाट के एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था और भटेरा चौकी के पास किराये के कमरे में रहता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को अरुण अपने दोस्त कपिल बिसेन की बाइक बिना बताए बिरसा से बालाघाट ले आया था। इसी दौरान रास्ते में बाइक का एक्सीडेंट हो गया था। दोस्त कपिल को जब इसकी जानकारी मिली तो उसने नाराजगी जाहिर करने के बजाय अरुण से कहा कि वह बाइक लाने की बात भूल जाए। इसके बावजूद अरुण इस घटना को लेकर आत्मग्लानि महसूस कर रहा था। दोस्त के मुताबिक, हादसे के बाद से ही उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था और वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
दोस्त को पहले वॉयस, फिर किया वीडियो कॉल
शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे अरुण ने बिरसा में हार्डवेयर दुकान संचालित करने वाले अपने दोस्त कपिल बिसेन को पहले वाट्सएप वॉयस कॉल किया और फिर वीडियो कॉल किया। कपिल के अनुसार, वीडियो कॉल में अरुण ने अपनी महिला मित्र को भी जोड़ रखा था। इसी दौरान उसने कहा कि वह अब मरने जा रहा है। कपिल ने उसे समझाने और ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए कहा, लेकिन कुछ ही सेकंड में उसने फांसी लगा ली।
परिजनों का भी कॉल नहीं किया रिसीव
अरुण के छोटे भाई आयुष और दोस्तों के अनुसार, वह पिछले दो-तीन दिनों से किसी से ठीक से बातचीत नहीं कर रहा था। घरवालों के फोन भी नहीं उठा रहा था। उसके व्यवहार में आए बदलाव से परिजन और दोस्त चिंतित थे। हालांकि, युवक के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
