पांच हजार की रिश्वत लेते मीटर रीडर धराया

इन्दौर। लोकायुक्त पुलिस इन्दौर ने एक ट्रैप कार्रवाई आयोजित कर रिश्वत लेने वाले बिजली कंपनी के मीटर रीडर संजीव मिश्रा को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। उसने यह रिश्वत बिजली कंपनी के जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा के लिए ली थी। दोनों ने स्कीम-78 स्थित विरुश कैफे पर बनाए गए बिजली चालान का सेटलमेंट कराने के लिए 45 हजार रुपए मांगे थे। जिसकी शिकायत लोकायुक्त को की गई थी। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए मीटर रीडर को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम मामले में अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के अनुसार शिकायतकर्ता आर्जव जैन, संचालक विरुश कैफे, स्काई कारपोरेट, एबी रोड ने लोकायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत करते बताया कि स्काई कारपोरेट बिल्डिंग की नौवीं मंजिल पर उनका कैफे है। अरण्य जोन एमपीइबी के जूनियर इंजीनियर (जेई) रवि मिश्रा ने कैफे पर चालानी कार्रवाई करते हुए 97 हजार रुपये का चालान बनाया था। इस चालान का समझौता कराने के एवज में एमपीईबी अरण्य जोन के मीटर रीडर संदीप ने 45 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसमें से 20 -20 हजार रुपये की दो किस्तों में 40 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके थे। शिकायत सत्यापन में सही पाए जाने पर कल ट्रैप कार्रवाई करते आरोपित रवि मिश्रा (जूनियर इंजीनियर, अरण्य जोन, एमपीइबी इंदौर) और संदीप (मीटर रीडर, अरण्य जोन, एमपीइबी और दीपक सचदेवा के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और बीएनएस 2023 की धारा 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। यह रिश्वत की राशि पहले स्काई कारपोरेट बिल्डिंग के हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा ने कैफे संचालक से प्राप्त की थी। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने संदीप मिश्रा को दीपक सचदेवा के माध्यम से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते स्काई कॉरपोरेट बिल्डिंग की बी-1 पार्किंग में रंगे हाथों पकड़ा। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
