
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की घुघली नगर पंचायत में कूड़ेदान खरीद के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितता और सरकारी धन के गबन का मामला प्रकाश में आया है। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मामले में पूर्व अपर जिलाधिकारी (एडीएम), पूर्व उपजिलाधिकारी (एसडीएम), नगर पंचायत के अधिकारियों और फर्म संचालकों सहित 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मामला वर्ष 2018 में 100 लीटर क्षमता वाले 200 कूड़ेदानों की खरीद से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि बाजार में एक कूड़ेदान की कीमत 2,400 से 3,400 रुपये थी, जबकि टेंडर में इसकी कीमत 14,160 रुपये प्रति नग मंजूर की गई थी। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है। जांच में टेंडर प्रक्रिया के नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई।
आरोप है कि खरीद प्रक्रिया शुरू होने के करीब पांच साल बाद 20 मई और 21 अगस्त 2023 को सौरभ एग्रो केमिकल्स को 13.68-13.68 लाख रुपये की दो किस्तों में कुल 27.36 लाख रुपये का भुगतान किया गया। आरोपियों में पूर्व एडीएम इंद्रभूषण वर्मा, पूर्व एसडीएम सत्य प्रकाश मिश्रा, पूर्व कार्यकारी अधिकारी लव कुमार मिश्रा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला देवी और मौजूदा अध्यक्ष संतोष जायसवाल शामिल हैं। इसके अलावा तीन फर्म संचालकों समेत अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
ईओडब्ल्यू ने अजीत सिंह की शिकायत पर जांच की थी। सरकार ने 23 सितंबर 2026 को जांच रिपोर्ट को मंजूरी दी। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी के अनुसार, मामले की जांच वाराणसी स्थानांतरित कर दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
