13 लाख की सुपारी दी; चार आरोपी गिरफ्तार…..

गोंदिया। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एयरलाइन कर्मचारी वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पति के साथ कथित प्रेम संबंधों के शक में उसकी पत्नी मोना अग्रवाल ने वर्षा की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए उसने कथित तौर पर 13 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने मोना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय वर्षा तुरकर पुणे जिले के धनोरी में रहती थी और एक एयरलाइन में काम करती थी। दिवाली की छुट्टियों में वह मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के किन्ही गांव स्थित अपने मायके आई हुई थी। 14 नवंबर को वह अपने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के तिरोड़ा गई थी। लौटते समय दोनों बोंदरानी गांव के जंगल में शिव मंदिर के पास रुके। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन हमलावरों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया। पेट और पीठ पर कई वार किए जाने से उसकी मौत हो गई।
जांच में पुलिस को पता चला कि नितेश की पत्नी मोना को वर्षा और उसके पति के बीच कथित संबंधों का शक था। पुलिस के मुताबिक, मोना ने अपने पड़ोसी कुनाल कुंभलकर की मदद से हत्या की साजिश रची। कुनाल ने कथित तौर पर हिस्ट्रीशीटर शाहरुख पठान से संपर्क कर 13 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों में मोना अग्रवाल, इमरान करीम शेख, नलेन उर्फ नायलन शेख और कृष्ण राउत शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
(दोनों महिलाओं के चेहरे पूरी तरह काल्पनिक प्रतीकात्मक)
