Spread the love

बॉलीवुड से जुड़े कई लोगों को दी थी धमकियां, अब भारत लाने की तैयारी शुरु
वाशिंगटन। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खास सदस्य कुख्‍यात हैरी बॉक्‍सर को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। गैंग में उसकी हैसियत नंबर 3 की है। जल्‍द ही उसे भारत लाने की तैयारी की जा रही है। लॉरेंस गैंग से जुड़ा हैरी बॉक्सर अमेरिका में बैठकर गिरोह की गतिविधियों को संचालित कर रहा था। बॉक्सर ने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली थी। इस घटना के बाद उसने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकियां दी थीं। बॉक्‍सर से पहले गैंगस्‍टर हिमांशु भाऊ को भी अमेरिकी एजेंसी ने गिरफ्तार किया था।
जानकारी के मुताबिक लॉरेंस गैंग के गैंगस्‍टर हैरी बॉक्‍सर को कैलिफोर्निया से गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी ने हैरी को स्‍पेशल सेल के इनपुट के आधार पर अरेस्‍ट किया है। हैरी के खिलाफ हत्या, धमकी देने और रंगदारी वसूलने समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक वह अमेरिका में रहकर गैंग की गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा था। रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद बॉक्सर की ओर से जिम्मेदारी लेने और बॉलीवुड के लोगों को धमकाने के मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी थी। उसके आपराधिक नेटवर्क और गैंग से जुड़े संपर्कों की जांच की जा रही है।
दिल्‍ली पुलिस के साथ ही मुंबई और हरियाणा पुलिस को भी हैरी बॉक्‍सर की लंबे समय से तलाश थी। सालों बाद यह तलाश पूरी हुई, उससे पूछताछ में बिश्‍नोई गैंग के कामकाज करने के तरीकों के बारे में पता चलने की संभावना है। इसके अलावा गैंग के टार्गेट पर कौन-कौन है इसके बारे में भी जानकारी मिल सकेगी। एक्टर रणवीर सिंह के मैनेजर को हैरी बॉक्सर ने धमकी भरा वॉइस मैसेज भेजकर 10 करोड़ की रंगदारी मांगी थी। इस घटना से पहले हैरी बॉक्सर ने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को जान से मारने की धमकी दी थी। इस समय लॉरेंस बिश्नोई गैंग का यह नंबर-3 गुर्गा हैरी बॉक्सर बॉलीवुड हस्तियों के लिए खौफ का पर्याय बना हुआ था। हैरी बॉक्सर के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी हुआ था। बता दें हैरी बॉक्‍सर से पहले अमेरिकी एजेंसियों ने भारत में मोस्‍ट वॉन्‍टेड गैंगस्‍टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को गिरफ्तार किया था। ये दोनों फर्जी पासपोर्ट के सहारे अमेरिका में रह रहे थे। दोनों पर अमेरिका में बैठकर अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क ऑपरेट करने का आरोप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *