Spread the love

एक-एक को बुलाया,पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतारा……..

बेंगलुरु। घरेलू कलह के चलते एक सनकी कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी समेत सात ससुरालियों की निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।जानकारी के अनुसार, राजाजीनगर के बाश्यम सर्कल निवासी 45 वर्षीय कैब ड्राइवर शेखर उर्फ इंदुशेखर ने इस भयावह हत्याकांड को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शेखर ने दो दिनों के भीतर अपने घर पर एक-एक करके पीड़ितों को बुलाया और पत्थर की चक्की (ओरलु कल्लू) से सिर कुचलकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद, उसने कुछ शवों को चिक्कबल्लापुर के आसपास और अन्य स्थानों पर ठिकाने लगाने का प्रयास भी किया।
इस खूनी खेल में शेखर ने केवल अपनी पत्नी सुनीता को ही नहीं, बल्कि अपनी सास रूपावती, दो सालों (शिवकुमार और शंकर), दो सलहजों (दिव्या और नलिनी) और साले के 7 वर्षीय मासूम बेटे पुनीत को भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शेखर और सुनीता की शादी को 20 वर्ष हो चुके थे, लेकिन उनके वैवाहिक जीवन में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इन झगड़ों में सुनीता का मायका पक्ष अक्सर बीच-बचाव कर अपनी बेटी का पक्ष लेता था। शेखर को संदेह था कि उसके ससुराल वाले ही उनके पारिवारिक जीवन में दखल देकर उसका घर बर्बाद कर रहे हैं। इसी खुन्नस में उसने सभी को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला कर लिया और इस नरसंहार को अंजाम दिया।
ऐसे हुआ सनसनीखेज खुलाशा……..
इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब नलिनी के लापता होने पर उसकी मां ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नलिनी के अलावा परिवार के कई अन्य सदस्य भी रहस्यमय तरीके से गायब हैं। शक के आधार पर पुलिस ने शेखर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद उसने सच उगल दिया। पुलिस ने आरोपी शेखर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, 7 साल के मासूम पुनीत का शव नंदी हिल्स के पास से बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य शवों की तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस वीभत्स हत्याकांड के हर पहलू को उजागर करने के लिए विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *