Spread the love

मॉयल के अस्थायी कर्मचारी ने लूटे थे मंगलसूत्र और सोने की बाली
बोनकट्टा में चोरी के दौरान छोड़ी बाइक बनी गिरफ्तारी की कड़ी


बालाघाट। पत्नी की डिलीवरी पर खर्च हुए 40 से 50 हजार रुपए और फिर रुपयों की जरूरत… पुलिस के मुताबिक, इसी के चलते 21 वर्षीय युवक ने लूट की ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसमें एक महिला की जान चली गई। तिरोड़ी थाना क्षेत्र के हीरापुर में 8 अक्टूबर को तालाब किनारे भैंसों की रखवाली कर रही खेलनबाई तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस ने मॉयल के ब्लास्टिंग विभाग के अस्थायी कर्मचारी रूपेश मरकाम को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने महिला के सिर पर फेंसिंग का खूंटा मारकर हत्या की और फिर मंगलसूत्र व सोने की बाली लेकर भाग निकला। पुलिस को इस अंधे कत्ल का सुराग बोनकट्टा में हुई चोरी की जांच के दौरान मिला। चोरी के बाद मौके पर छूटी बाइक ने आरोपी तक पहुंचने का रास्ता खोल दिया।
एसपी आदित्य मिश्रा के अनुसार, 8 अक्टूबर को खेलनबाई तुरकर हीरापुर में तालाब के पास अपनी भैंसों की रखवाली कर रही थीं। इसी दौरान मॉयल में अस्थायी कर्मचारी रूपेश मरकाम वहां शौच के लिए पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, मवेशियों के गले में बंधी घंटियों की आवाज सुनकर वह महिला के पास गया। महिला को अकेला देखकर उसने खेत की मेड़ पर फेंसिंग के लिए लगाए जाने वाले खूंटे से उनके सिर के पिछले हिस्से और माथे पर वार कर दिए। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उनके मंगलसूत्र और सोने की एक बाली लेकर फरार हो गया।
हीरापुर हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच पाई थी। इसी बीच 21 अक्टूबर को बोनकट्टा में एक खाली मकान में चोरी की वारदात हुई। पुलिस के मुताबिक, मकान में चोरी करते समय लोगों को देखकर आरोपी जेवर लेकर भाग गया, लेकिन अपनी बाइक मौके पर ही छोड़ गया। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और रूपेश मरकाम तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपी ने बोनकट्टा की चोरी के साथ ही खेलनबाई की हत्या करना भी स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी की घटना से करीब एक सप्ताह पहले महाराष्ट्र के एक निजी अस्पताल में डिलीवरी हुई थी। इलाज पर 40 से 50 हजार रुपए खर्च हुए थे। पुलिस का कहना है कि रुपयों की जरूरत के चलते आरोपी ने लूट की नीयत से महिला की हत्या की। हालांकि, वारदात के पीछे बताए जा रहे आर्थिक कारणों की जानकारी पुलिस की पूछताछ पर आधारित है।
आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कटंगी के एक ज्वेलर्स के पास से खेलनबाई के लूटे गए मंगलसूत्र और सोने की बाली बरामद की। वहीं, बोनकट्टा में चोरी किए गए जेवर सिवनी में बेचने की जानकारी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *