Spread the love

पानी के टैंकर के 1.12 लाख रुपये के बकाया बिल और लॉगबुक सत्यापन के बदले मांगे थे 6 हजार रुपये


इंदौर ।
नगर निगम में पानी के टैंकर के बकाया बिल के भुगतान और लॉगबुक सत्यापन के बदले रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। लोकायुक्त टीम ने नगर निगम के जोन-13 में पदस्थ सब इंजीनियर हर्ष गहलोत को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने तीन महीने के बकाया 1.12 लाख रुपये के बिल के भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये मांगे थे।
नायता मुंडला निवासी सोहेल पटेल ने अपना पानी का टैंकर इंदौर नगर निगम में संलग्न कराया था। उनके टैंकर का पिछले तीन महीने का कुल 1.12 लाख रुपये का भुगतान लंबित था। इस राशि के भुगतान के लिए लॉगबुक का सत्यापन जरूरी था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी प्रक्रिया को पूरा करने के बदले सब इंजीनियर हर्ष गहलोत ने 6 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर सोहेल पटेल ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से शिकायत की। लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन कराया। इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
बुधवार को लोकायुक्त टीम ने चाणक्यपुरी चौराहे के पास स्थित हनुमान मंदिर के निकट कार्रवाई की। जैसे ही सब इंजीनियर ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने उसे पकड़ लिया।
मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है। लोकायुक्त मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *