Spread the love

लॉस एंजिल्स। रियलिटी टीवी स्टार और मॉडल काइली जेनर हाल ही में लॉस एंजिल्स में हुए एक फैशन शो में 450 करोड़ रुपये (5 करोड़ डॉलर) की फैंटेसी ब्रा पहनकर दुनियाभर में सुर्खियों में छाई हुई हैं। मशहूर लॉन्जरी ब्रांड विक्टोरिया सीक्रेट की यह ब्रा उसके ग्लैमरस अंदाज़ को तो दर्शाती है, लेकिन इसके पीछे एक बेहद दर्दनाक इतिहास छिपा है। इस ब्रांड की शुरुआत एक पति की अपनी पत्नी के लिए लॉन्जरी खरीदने में होने वाली असहजता से हुई थी, मगर इसका अंत खौफनाक आत्महत्या के साथ हुआ।
साल 1977 में अमेरिका के रॉय रेमंड अपनी पत्नी गे रेमंड के लिए लॉन्जरी खरीदने एक स्टोर पहुंचे थे। उस दौर में पुरुषों को महिलाओं के अंडरगारमेंट्स खरीदते वक्त काफी असहज महसूस होता था। इसी झिझक से रॉय रेमंड के दिमाग में एक नए बिज़नेस का आइडिया आया: एक ऐसा स्टोर जहां पुरुष बिना किसी हिचकिचाहट के खरीदारी कर सकें। इसी सोच के साथ विक्टोरिया सीक्रेट का जन्म हुआ। शुरुआत में यह कॉन्सेप्ट पसंद किया गया, लेकिन धीरे-धीरे कंपनी कर्ज में डूबने लगी और उम्मीद के मुताबिक मुनाफा नहीं दे सकी। घाटे से परेशान होकर रॉय रेमंड ने 1982 में अपने इस ड्रीम प्रोजेक्ट को बिज़नेसमैन लेस्ली वेक्सनर को महज 10 लाख डॉलर में बेच दिया। लेस्ली वेक्सनर ने कंपनी की बागडोर संभालते ही इसका मेकओवर किया और इसे एक ग्लोबल ब्रांड बना दिया। दूसरी तरफ, रॉय रेमंड ने इस पैसे से नए-नए बिज़नेस शुरू करने की कोशिश की, लेकिन वे हर बार नाकाम रहे। उनका बनाया ब्रांड जहां आसमान छू रहा था, वहीं रॉय खुद पाई-पाई को मोहताज हो गए। ग्लोबल पहचान मिलने के बाद भी यह ब्रांड विवादों से दूर नहीं रह सका। वक्त के साथ कई रिपोर्टों के अनुसार, ब्रांड की एंजेल्स कही जाने वाली कई टॉप मॉडल्स ने आरोप लगाए कि उनके साथ सेट और बैकस्टेज पर दुर्व्यवहार किया जाता था और परफेक्ट बॉडी शेप बनाए रखने के लिए अमानवीय दबाव डाला जाता था। इतना ही नहीं, कंपनी के सर्वेसर्वा लेस्ली वेक्सनर के संबंध कुख्यात सेक्स ऑफेंडर जेफरी एपस्टीन के साथ उजागर हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *