Spread the love

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। बोर्ड ने शुक्रवार, 6 नवंबर को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर विषयवार परीक्षा कार्यक्रम जारी किया। इसके साथ ही लाखों विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए तारीखों की जानकारी मिल गई है।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेंगी। वहीं, 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजकर 30 मिनट से शुरू होंगी। इस साल 10वीं के विद्यार्थियों के लिए 83 विषयों और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय विद्यार्थियों के विषयों के संयोजन का विशेष ध्यान रखा है, ताकि एक ही विद्यार्थी के दो विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन न पड़ें। इसके लिए 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों का विश्लेषण किया गया है।
सीबीएसई ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम बनाते समय प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तारीखों को भी ध्यान में रखा गया है, जिससे विद्यार्थियों को दोनों परीक्षाओं की तैयारी में सुविधा मिल सके। इससे पहले बोर्ड ने सत्र 2026-27 की प्रायोगिक परीक्षाओं की तारीखें भी घोषित की थीं। सामान्य स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक होंगी, जबकि शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूलों में ये परीक्षाएं 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर अपनी कक्षा की पूरी डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *