Spread the love

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सत्र न्यायाधीश के कामकाज के तरीके पर गहरी नाराजगी जताकर उन्हें कड़ी फटकार लगा दी है और बाहुबली की तरह व्यवहार न करने की नसीहत दी है। यह मामला तब सामने आया जब जज ने एक पुलिस अधिकारी को कोर्ट के आदेश के बावजूद एफआईआर दर्ज न करने पर तभी दोषी ठहराकर जुर्माना लगा दिया, इस उन्होंने अदालत की मौजूदगी में किया गया अपराध मान लिया था।
मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने न्यायिक अधिकारी की याचिका पर सुनवाई कर उनकी कानून की बुनियादी समझ और कोर्टरूम के रवैये पर गंभीर सवाल उठाए। सुनवाई के दौरान, जस्टिस बागची ने सत्र न्यायाधीश की कार्यशैली पर सख्त टिप्पणी कर कहा कि उनकी कानून की समझ वाकई बेहद निराशाजनक है। सर्वोच्च न्यायालय ने इस बात पर चिंता जाहिर की कि जज ने जिस आक्रामक तरीके से एक पुलिस अधीक्षक (एसपी) को तलब कर उसी दिन उन्हें दोषी भी ठहरा दिया।
शीर्ष अदालत ने निचली अदालत के इस तरीके पर सवाल उठाकर पूछा कि क्या सत्र न्यायाधीश ने अपने कानूनी अधिकार क्षेत्र में रहकर काम किया है। सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता जज के वकील से स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अपने मुवक्किल को समझाएं कि वे बाहुबली की तरह बर्ताव करना बंद करें और न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करें।
जस्टिस बागची ने सत्र न्यायाधीश को नसीहत दी कि उन्हें पहले अदालत की अवमानना के दायरे और कानूनी प्रावधानों को ठीक से समझना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 384 और पुरानी सीआरपीसी (सीआरपीसी) की धारा 345 का हवाला देकर दोनों स्थितियों का अंतर स्पष्ट किया। सुप्रीम कोर्ट ने समझाया कि एक जज को तभी तुरंत दंडात्मक कार्रवाई करने का अधिकार है, जब अदालत की कार्यवाही के दौरान या जज की सीधी मौजूदगी में कोर्टरूम के अंदर कोई गंभीर बाधा डाली जाए, जैसे किसी को थप्पड़ मारना या कार्यवाही में जानबूझकर बाधा डालना।
इसके विपरीत, शीर्ष न्यायालय ने स्पष्ट किया कि अगर कोई अधिकारी कोर्टरूम के बाहर दिए गए किसी आदेश का पालन नहीं करता है, तब वह अदालत के सामने किए गए अपराध की श्रेणी में नहीं आता। इसतरह के मामलों में कार्रवाई करने के लिए कानून में एक अलग प्रक्रिया और निर्धारित नियम बनाए गए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है। सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों को कानून के उचित ज्ञान और निर्धारित प्रक्रिया के पालन का महत्व समझाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *