Spread the love

19 वर्षीय युवक की मौत पर रेलवे को परिवार को देने होंगे 8 लाख रुपए; रेलवे क्लेम्स ट्रिब्यूनल का आदेश रद्द

अहमदाबाद। रेलवे ट्रैक पार करना लापरवाही भरा कदम हो सकता है, लेकिन सिर्फ इसी आधार पर रेलवे प्रशासन मुआवजा देने की जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। गुजरात हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि यात्री की लापरवाही और कानून के तहत मुआवजे का अधिकार दो अलग-अलग बातें हैं। इसी के साथ कोर्ट ने ट्रेन हादसे में जान गंवाने वाले 19 वर्षीय युवक के परिवार को 8 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया है।
मामला जुलाई 2023 का है। 19 वर्षीय महेंद्र कुमार नन्हकानु हावड़ा-गांधीनगर एक्सप्रेस से कानपुर से अहमदाबाद की यात्रा कर रहे थे। ट्रेन में भारी भीड़ थी। इसी दौरान अचानक झटका लगने से वे ट्रेन से नीचे गिर गए। रेलवे ट्रैक से दूर जाने की कोशिश करते समय दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजनों ने रेलवे से मुआवजे की मांग की थी, लेकिन रेलवे क्लेम्स ट्रिब्यूनल ने उनका दावा खारिज कर दिया। इसके बाद परिवार ने ट्रिब्यूनल के फैसले को गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि रेलवे स्टेशन या यार्ड में फुट ओवरब्रिज दूर होने, वहां तक पहुंचने में परेशानी होने या अत्यधिक भीड़ के कारण यात्री ट्रैक पार करने को मजबूर हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में ट्रैक पार करना लापरवाही जरूर हो सकती है, लेकिन इसे अपने आप आपराधिक कृत्य या जानबूझकर खुद को नुकसान पहुंचाने की घटना नहीं माना जा सकता।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी यात्री का व्यवहार लापरवाही भरा होना अपने आप में मुआवजे के अधिकार को खत्म नहीं करता। रेलवे दुर्घटना से जुड़े मामलों में सिर्फ यात्री की लापरवाही के आधार पर मुआवजा देने से इनकार नहीं किया जा सकता।
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता रथिन रावल ने अदालत में दलील दी कि हादसे को केवल रेलवे ट्रैक पार करने की कथित लापरवाही के आधार पर मुआवजा न देने का कारण नहीं बनाया जा सकता। यह घटना रेलवे कानून के तहत मुआवजे की पात्र दुर्घटना की श्रेणी में आती है।
दोनों पक्षों की दलीलें और मामले के तथ्यों पर विचार करने के बाद गुजरात हाईकोर्ट ने रेलवे क्लेम्स ट्रिब्यूनल का फैसला रद्द कर दिया और मृतक के परिवार को 8 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया।
हाईकोर्ट का यह फैसला रेलवे दुर्घटना के मामलों में अहम नजीर माना जा रहा है। कोर्ट ने साफ संदेश दिया है कि यात्री की लापरवाही को आधार बनाकर पीड़ित परिवार को उसके कानूनी मुआवजे के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *