Spread the love

अस्वीकृत पद पर स्थायी नियुक्ति संभव नहीं – सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसले में साफ किया है कि कोई भी कर्मचारी केवल अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर इसतरह के पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन की मांग नहीं कर सकता, जिसे सरकार द्वारा मंजूरी न मिली हो। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने कहा कि स्थायी नियुक्ति के लिए पद का अस्तित्व में होना और उस पद का स्वीकृत होना अनिवार्य है। यह निर्णय नौकरी चाहने वालों और सरकारी संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण संदेश है कि योग्यता के साथ-साथ पद का कानूनी रूप से मान्य होना भी जरुरी है।
सर्वोच्च न्यायालय ने व्याख्याता की अपील खारिज की , जो आवश्यक शैक्षणिक योग्यता हासिल करने की तारीख, यानी 5 दिसंबर 1987 से नौकरी में स्थायी समायोजन की मांग कर रहे थे। सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के उस फैसले को बरकरार रखा, जो कि एकल पीठ के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसमें नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी को उक्त व्याख्याता के स्थायी समायोजन पर विचार करने का निर्देश दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने रेखांकित किया कि भले ही कोई कर्मचारी योग्य हो, लेकिन गैर-स्वीकृत पद पर उसकी पात्रता नियुक्ति का अधिकार नहीं देती।
यह मामला बृज कुमार मिश्रा से जुड़ा है, जिनकी नियुक्ति 22 फरवरी 1986 को गढ़वा के एसजेएसएन कॉलेज में हिंदी व्याख्याता के पांचवें पद पर हुई थी। नियुक्ति के समय उनके पास निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता नहीं थी, जो कि उन्होंने 5 दिसंबर 1987 को प्राप्त किया। इस बीच, 31 मार्च 1987 को कट-ऑफ तारीख मानकर एसजेएसएन कॉलेज को रांची यूनिवर्सिटी का अंगीभूत कॉलेज बना दिया गया। उस समय तक सरकार ने हिंदी व्याख्याता के केवल तीन पदों को मंजूरी दी थी।
नवंबर 1987 में हिंदी व्याख्याता का चौथा पद भी स्वीकृत हुआ, लेकिन यह पद भी पहले से नियुक्त व्याख्याताओं द्वारा भर दिया गया था। बृज कुमार मिश्रा की पात्रता 5 दिसंबर 1987 को आई, जो कॉलेज के अंगीभूत होने की कट-ऑफ तारीख (31 मार्च 1987) और चौथे पद के भरने के बाद की थी। यानी, जब वे स्थायी नियुक्ति के लिए योग्य हुए, तब तक स्वीकृत चारों पद भर चुके थे, और वह पांचवें, यानी गैर-स्वीकृत पद पर थे। जस्टिस एस.सी. अग्रवाल आयोग ने उनकी पात्रता की तारीख 5 दिसंबर 1987 ही दर्ज की थी, जो उनके दावे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण तथ्य बन गया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल नौकरी की योग्यता पूरी कर लेने से स्थायी अधिकार नहीं मिल जाता, बल्कि जिस पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन मांगा जा रहा है, उस पद का अस्तित्व में होना और उसे कानूनी रूप से स्वीकृत होना अनिवार्य है। यह फैसला सरकारी नियुक्तियों में पारदर्शिता और नियमों के पालन की महत्ता पर जोर देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *