चुनावी हलफनामे में अपनी आय से संबंधित गलत जानकारी दी और महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया

प्रयागराज । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार का 2022 का निर्वाचन रद्द कर दिया है। न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की एकल पीठ ने राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व प्रत्याशी मुंशी राम की चुनाव याचिका पर यह फैसला सुनाया।
दरअसल, 2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने बेहद करीबी मुकाबले में मुंशी राम को 258 वोटों से हराया था। ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि मुंशी राम के खाते में 77,677 वोट आए थे। हार के बाद मुंशी राम ने हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल कर ओम कुमार के निर्वाचन को चुनौती दी थी।
याचिका में आरोप लगाया गया था कि ओम कुमार ने नामांकन के दौरान दाखिल चुनावी हलफनामे में अपनी आय से संबंधित गलत जानकारी दी और महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद उनके निर्वाचन को अमान्य घोषित कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने याचिकाकर्ता मुंशी राम को सीधे विजेता घोषित करने की मांग स्वीकार नहीं की।
हाईकोर्ट ने ओम कुमार को फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि उन्हें शीर्ष अदालत से क्या राहत मिलती है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में इस फैसले का राजनीतिक महत्व बढ़ गया है। हालांकि, अंतिम स्थिति सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर निर्भर करेगी।
