Spread the love

गवाहों के साथ पुलिस कर्मियों पर प्रकरण दर्ज करने हाई कोर्ट के आदेश
जबलपुर। हत्या के मामले में चौदह साल की पूरी सजा काटने के बाद आरोपी महिला निर्दोष साबित हुई। इतना ही नहीं पीडि़ता की भाभी को भी अपने दो मासूम बच्चों के साथ जेल में साढ़े तीन माह तक जेल में रहना पड़ा। हाईकोर्ट के जस्टिस जीएस आहलूवालिया की अध्यक्षता वाली युगलपीठ ने अपीलकर्ता महिला को तत्काल रिहा करने के आदेश दिये है। इसके साथ ही युगलपीठ ने पुलिस जांच की निंदा करते हुए अभियोजन पक्ष के ग्यारह गवाहों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के आदेश दिये है।
दरअसल हाईकोर्ट में यह अपील खंडवा निवासी सरजूबाई तथा उसकी भाभी भूरी बाई ने साल 2010 में न्यायालय द्वारा देवर की हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा से दंडित किये जाने के खिलाफ दायर की थी। प्रकरण के अनुसार अपीलकर्ता सरजू अपने पति की मौत के बाद देवर हरी उर्फ भग्गू के साथ रहने लगी थी। घटना के 15 दिन पूर्व दोनों में विवाद हुआ था, जिसके कारण हरी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। अभियोजन के अनुसार 21 सितम्बर 2008 को हरी उर्फ भग्गू नीम के पेड़ में फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। जिसे नीचे उतारने के बाद अपीलकर्ता तथा उसकी भाभी भूरी बाई उसे बैलगाडी से अस्पताल ले गये। अस्पताल में जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पूरा मामला संदिग्ध व संदेहास्पद होने पर व पूरे मामले का अवलोकन करने पर न्यायालय ने पाया था कि अपीलकर्ता के बरामदे में पुलिस को कीटनाशक दवाई की खाली बोतल मिली थी। गांव में जो लोग खेती करते है, उनके घर पर कीटनाशक दवाइयां होती है। पुलिस पूरी जांच में अभियोजन पक्ष के गवाहों के आधार पर विवेचना करती रही। एकलपीठ ने अपने आदेश में कहा था कि शत्रुता के कारण गवाहों ने दो महिलाओं के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कराया गया, जबकि वह निर्दोष थी। अपीलकर्ता की भाभी गर्भवती थी और उसे अपने एक साल की बेटी तथा तीन साल के बच्चे के साथ जेल जाना पड़ा। पूरे मामले में बच्चों का कोई दोष नहीं था। लगभग साढ़े तीन माह बाद उसे जमानत का लाभ मिल गया था। अपीलकर्ता विगत 14 सालों से केंद्रीय जेल में निरुद्ध है। संबंधित न्यायालय ने भी इन मुद्दे पर विचार नहीं किया। आरोपी का एक मात्र हथियार जिरह है। केन्द्रीय जेल इंदौर की ओर से बताया गया कि महिला की सजा 14 साल लगभग पूर्ण होने वाली है। युगलपीठ ने अभियोजन पक्ष के गवाह मृतक की मां सुकमा बाई, बहन फूल बाई, सेवंती बाई, भाई सुरेश, थाना प्रभारी बीएस चौहान, पुलिस कर्मी एसआर रावत तथा एन के सूर्यवंशी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के आदेश देते हुए अपीलकर्ता महिला को रिहा करने के आदेश जारी किये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *