Spread the love

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) को दिल्ली की आपदा सरकार कहे जाने के बाद, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल ने पलटवार किया और कहा, कि आपदा दिल्ली में नहीं, भाजपा में आई हुई है। भाजपा के पास न तो मुख्यमंत्री का चेहरा है और न ही कोई एजेंडा।
दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल ने कहा, कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में रैली की और 43 मिनट के भाषण में एक भी काम नहीं गिना पाए। हम दिल्ली में किए गए अपने काम घंटों तक गिना सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के पास केवल झूठे आरोप और बयानबाजी है, जबकि उनकी पार्टी ने जमीन पर काम किया है।
केजरीवाल ने राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था की आपदा है। गैंगस्टर खुलेआम गोलियां चला रहे हैं। व्यापारी डरे हुए हैं और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं, लेकिन मोदी और शाह के कानों तक ये आवाजें नहीं पहुंच रही हैं। उन्होंने पीएम से अपील की कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिल्ली की सुरक्षा पर ध्यान देने के निर्देश दें। केजरीवाल ने कहा, कि सरकारें जोड़ने-तोड़ने की राजनीति से समय निकालकर दिल्ली की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
आपदा नहीं यह आशीर्वाद…
मोदी के आपदा वाले बयान पर केजरीवाल ने पलटवार किया और कहा, कि जो काम हमारी सरकार कर रही है, उसे आपदा नहीं, आशीर्वाद कहते हैं। हमने दिल्ली के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किए हैं। दिल्ली के लोग इसे आपदा नहीं, विकास मानते हैं।
दिल्ली चुनाव का आगाज
पीएम मोदी ने शुक्रवार को अशोक विहार में रैली के साथ दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार की शुरुआत की थी। मोदी ने आप सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इसे कट्टर बेईमानों की सरकार करार दिया था।
इस प्रकार दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा और आप के बीच जुबानी जंग ने दिल्ली की राजनीति को गरमा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *