
जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सड़क निर्माण में प्रयुक्त होने वाले बिटुमेन (डामर) की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पारदर्शिता लाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, और भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब से सड़क निर्माण कार्यों के लिए डामर केवल सरकारी रिफायनरियों से ही लिया जाएगा।
मंत्री सिंह ने बताया कि डामर की सप्लाई के लिए जीपीएस आधारित ई-लॉकिंग सिस्टम वाले टैंकरों का उपयोग किया जाएगा। इस सिस्टम से डामर की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता आएगी। रिफाइनरी से टैंकर लॉक होंगे और परिवहन रूट परिभाषित किए जाएंगे। संबंधित स्थल पर पहुंचने के बाद मोबाइल पर ओटीपी डालने के बाद ही टैंकर अनलॉक होगा।
इसके अलावा, डामर की सप्लाई के समय ठेकेदार के हॉटमिक्स प्लांट पर इंजीनियर द्वारा रिफाइनरी के पोर्टल से सप्लाई देयक की वेरीफिकेशन की जाएगी। मंत्री सिंह ने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक माह में 5 और 20 तारीख को मुख्य अभियंताओं के दल द्वारा निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। इस निरीक्षण का चयन रैंडम आधार पर सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी विभागीय अधिकारी या ठेकेदार निरीक्षण की योजना को पहले से न जान सके।
इसके साथ ही, निरीक्षण के दौरान सामग्री के सेंपल भी रैंडम आधार पर लिए जाएंगे और सील किए गए गोपनीय क्यूआर कोड के साथ प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। परीक्षण की रिपोर्ट गोपनीय कोड के साथ सॉफ्टवेयर पर अपलोड की जाएगी। मंत्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग के दोनों प्रमुख अभियंताओं को भी जिलों का दौरा करने और निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
