
जबलपुर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की जबलपुर टीम ने गुरुवार को तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में कार्रवाई करते हुए एक स्टेनो को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पर कॉलोनी निर्माण से जुड़ी टीएनसीपी रिपोर्ट भेजने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार तेंदूखेड़ा निवासी संजय राय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कॉलोनाइजर हैं और कॉलोनी निर्माण के नक्शे की प्रक्रिया के लिए एसडीएम कार्यालय में स्थल निरीक्षण रिपोर्ट लगाने हेतु आवेदन किया था। आवेदन देने के बाद फाइल में जानबूझकर देरी की जा रही थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इस संबंध में एसडीएम कार्यालय के स्टेनो सौरभ यादव से बातचीत की गई, जिस पर उसने काम आगे बढ़ाने के लिए 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। ईओडब्ल्यू ने शिकायत का सत्यापन किया। कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद गुरुवार को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में छापा मारा और एसडीएम पूजा सोनी के कार्यालय में स्टेनो सौरभ यादव को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। ईओडब्ल्यू की टीम आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है।
