Spread the love

अशोकनगर । जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में सोमवार को हादसे में चार सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। चारों बच्चे 10 साल से कम उम्र के थे। सभी बनवीर कुशवाहा के बेटे थे। बच्चे सुबह घर से निकले थे और खेलते-खेलते गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर खेतों तक पहुंच गए। दोपहर करीब 2 बजे एक ग्रामीण ने कुएं में एक बच्चे का शव देखा। पास जाकर देखा तो पानी में चारों बच्चों के शव उतरा रहे थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण गांव पहुंचा और परिवार को बताया। परिजन मौके पर पहुंचे और चंदेरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकलवाए और चंदेरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। शाम को चारों का पोस्टमार्टम किया गया। बच्चों के पिता बनवीर कुशवाहा मजदूरी करते हैं। उनकी मां कुछ समय से अपने मायके में रह रही हैं। चारों बच्चे अपनी दादी के साथ रहते थे। सोमवार सुबह बच्चे घर से निकल गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो दादी ने गांव में उनकी तलाश शुरू कर दी थी। उन्हें पता नहीं था कि बच्चे गांव से बाहर खेतों की तरफ चले गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, जिस जगह बच्चों के शव मिले, वहां मंदिर का एक पुराना घर है। बच्चे अक्सर अपनी दादी के साथ वहां जाते थे। आशंका है कि सोमवार को भी चारों बच्चे खेलते हुए इसी तरफ पहुंच गए। इसी दौरान वे कुएं के पास गए और हादसे का शिकार हो गए। कुएं में गिरने के बाद किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी और दोपहर तक चारों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *