Spread the love

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों पर सरकार के इशारे पर काम करने का लगाया आरोप

बालाघाट । आदिवासी अंचल में बच्चों की मौत और बीमारी से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके को लेकर पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने रविवार को गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शनिवार को दीपके पर जानलेवा हमला हो सकता था। उनके वाहन को टक्कर मारी गई और बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। यदि दीपके वाहन से बाहर निकलते तो उनके साथ मारपीट या गंभीर घटना हो सकती थी। मुंजारे ने कहा कि शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
रविवार को स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व सांसद मुंजारे ने कहा कि शनिवार को कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों ने दीपके के खिलाफ आपत्तिजनक और गलत बातें प्रचारित कीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में डेरा डाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पूरी तरह प्रायोजित तरीके से काम कर रहे हैं। इनमें राजगढ़ और भोपाल के कुछ लोग शामिल हैं। मुंजारे का आरोप है कि इन्हें प्रशासन की ओर से सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
पूर्व सांसद ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों का इस्तेमाल कर रही है। मुंजारे ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में बच्चों की मौत का मुद्दा उठाने वालों को रोकने के बजाय सरकार को प्रभावित परिवारों की समस्याओं और बीमारी के कारणों पर ध्यान देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *